पतलीकूहल (कुल्लू)। मिशन रिपीट के लिए भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा मनाली मंडल की बैठक रविवार को पतलीकूहल में संपन हुई। बैठक की अध्यक्षता मोर्चा के मंडल अध्यक्ष राकेश नुकरपा ने की। आने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर रणनीति तैयार की गई। उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर चुटकी लेते हुए कहा कि कांग्रेस की आपसी कलह ही उसे ले डूबेगी।
अध्यक्ष राकेश नुकरपा ने उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को चुनावी टिप्स देते हुए कहा कि स्थानीय विधायक गोविंद सिंह ठाकुर ने इलाके में विकास की एक नई इबारत लिखी है। लिहाजा इन विकास कार्यों के बारे में आम जनता को बताया जाए। इसके लिए उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर इस काम को अंजाम दें।
उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि लोकप्रियता के मामले में विधायक क्षेत्र के अन्य विरोधी नेताआें से मीलों आगे चल रहे हैं। इसके चलते विरोधियों में बौखलाहट और बदहवासी छाई। लिहाजा नवगठित मनाली विधानसभा सीट पर कमल का खिलना निश्चित है। मोर्चा के अध्यक्ष राकेश नुकरपा ने मीडिया को जारी बयान में कहा कि भाजपा की जन कल्याणकारी योजनाओं के चलते प्रदेश में भाजपा ही रिपीट होगी। भाजपा कार्यकताओं की एकजुटता ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है।