केलांग। विधानसभा चुनाव को लेकर शीत मरूस्थल में सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के टिकट के दावेदाराें ने अपना जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया है। कांग्रेस खेमे से टिकट के दावेदार यूथ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र कारपा उर्फ बाबू ने यूथ ब्रिगेड के साथ कदमताल करते हुए अपना जन संपर्क अभियान शुरू कर दिया है।
पिछले दो दिन के अपने जन संपर्क अभियान के तहत उन्होंने तोद घाटी, पट्टन से लेकर उदयपुर और मडग्रां का दौरा करते हुए वोटरों की नब्ज टटोली। रविवार को युवा तुर्क के साथ कारपा ने चंद्रावैली में अपना जनसंपर्क अभियान जारी रखा। इस दौरान उन्होंने चंद्रावैली के अंतर्गत गौंधला, खंगसर, सिस्सू और कोकसर पंचायतों में जा कर लोगों के सामने कांग्रेस पार्टी की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताया। राजेंद्र कारपा ने बताया कि इस बार लाहौल स्पीति में वर्तमान विधायक मारकंडेय के खिलाफ जनता में भारी रोष है। राज्य की भाजपा सरकार को जनजातीय क्षेत्रों के लोगों की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है।
कारपा ने कहा कि बीते साढे़ चार साल के कार्यकाल में मुख्यमंत्री के कुछ घंटाें के दौरे को छोड़ कर भाजपा के किसी भी मंत्री ने लाहौल स्पीति का दौरा नहीं किया है। स्थानीय विधायक विकास के हर मोर्चे पर विफल साबित हुए हैं। यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष दीपक ठाकुर ने कहा कि पूरे प्रदेश में इस बार भाजपा का सूपड़ा साफ होना तय है। वर्तमान और पूर्व यूथ कांग्रेस का विधानसभा टिकट के लिए राजेंद्र कारपा को पूरा समर्थन है। लाहौल के बाद स्पीति उपमंडल में जल्द ही जनसंपर्क अभियान छेड़ा जाएगा। इस दौरान भाजपा की जन विरोधी नीतियों से जनता को रूबरू किया जाएगा। इस दौरान उनके साथ युकां के पूर्व महासचिव दोरजे टशक्यांगपा, नितिन बौद्ध, रमेश, अश्वनी, अशोक समेत युकां के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।