कुल्लू। हिलोपा सुप्रीमो महेश्वर सिंह ने जेपी थर्मल प्लांट मुद्दे को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। महेश्वर सिंह ने पत्रकारवार्ता में कहा कि इस मामले की निष्पक्ष जांच के लिए मुख्यमंत्री को अपने पद से त्यागपत्र दे देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि 2007 में इस उद्योग को पहले कांग्रेस सरकार ने स्वीकृति दी थी लेकिन बाद में उसे रद कर दिया था। 2008 में भाजपा सरकार ने इस उद्योग को स्वीकृति दे दी। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर हिलोपा का यूथ विंग शिमला में प्रदर्शन कर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपेगा।
उन्होंने कहा कि वे भाजपा से अटल के लिए जुड़े थे, लेकिन आज भाजपा अटल के आदर्शों से दूर चली गई है। भाजपा के ही कुछ लोगों ने पार्टी को बुरी तरह छलनी कर दिया है। प्रदेश में शुरू की गई 108 एंबुलेंस सेवा को लेकर महेश्वर सिंह ने स्वास्थ्य मंत्री राजीव बिंदल पर भी जमकर निशाना साधा। महेश्वर सिंह ने कहा कि हिलोपा के पंजीकरण की प्रक्रिया लगभग पूरी हो गई है और पार्टी ने चमकता हुआ सूरज और दो तलवारों को चुनाव चिह्न बनाने की इच्छा जताई है।
... जिलों का किया जाए पुनर्गठन
नए जिलों के निर्माण पर हिलोपा सुप्रिमो महेश्वर सिंह ने कहा कि प्रदेश में नए जिलों के गठन से पहले सभी जिलों का पुनर्गठन किया जाना चाहिए। प्रदेश के कई जिलों में ऐसे क्षेत्र हैं कि जिनके नजदीक दूसरा जिला मुख्यालय है और उन्हें अपने काम करवाने अपने जिला मुख्यालय के लिए काफी दूर जाना पड़ता है।