केलांग। चुनावी साल में राजनीतिक दलों ने घाटी में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। लंबे अर्से के बाद लाहौल स्पीति कांग्रेस ने जिला मुख्यालय केलांग में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाई। बैठक की अध्यक्षता डीसीसी के कार्यकारी अध्यक्ष नोरबू बौद्ध ने की। विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए पार्टी ने आपसी गुटबाजी को नजरअंदाज कर संगठन के हित में काम करने की कार्यकर्ताओं से अपील की है। जिला अध्यक्ष नोरबू बौद्ध ने कहा कि पार्टी के भीतर किसी तरह की कोई गुटबाजी नहीं है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं ने एक मत में कहा कि पार्टी हाईकमान जिसे भी टिकट देगी सभी एकजुट होकर काम करेंगे। उन्होंने भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि साढ़े चार साल के कार्यकाल के दौरान भाजपा सरकार के किसी भी मंत्री ने घाटी का रुख करने की जहमत नहीं उठाई। मुख्यमंत्री ने चंदों घंटो के लिए बेशक घाटी का दौरा किया है। नोरबू बौद्ध ने कहा कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों से जनता में वर्तमान सरकार के प्रति रोष है। साढे़ चार सालों के दौरान विधायक पूर्व कांग्रेस कार्यकाल के दौरान आरंभ किए विकास कार्यों का उद्घाटन करते रहे। इस दौरान कोई भी नया काम शुरू नहीं हो पाया। भाजपा की सरकारें हमेशा जनजातीय क्षेत्रों के विरोधी रहे हैं। बौद्ध ने दावा किया है कि वर्तमान सरकार के खिलाफ चल रही हवा से स्पष्ट है कि इस बार प्रदेश में कांग्रेस की सरकार सत्ता में लौटेगी। बैठक में पूर्व विधायक ठाकुर रघुवीर सिंह, प्रदेश कांग्रेस के पूर्व सचिव रवि ठाकुर, पूर्व जिला कांग्रेस प्रवक्ता राजेंद्र कारपा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष शशि किरण, युकां अध्यक्ष दीपक ठाकुर, पूर्व महासचिव दोरचे टशक्यांगपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।