धर्मशाला। भारतीय सेना प्रमुख जनरल वीके सिंह के धर्मशाला दौरे को लेकर शहर छावनी में तबदील हो गया है। सेना की योल स्थित नौंवी कोेर ने पुलिस मैदान को सील कर दिया है। सुरक्षा व्यवस्था ऐसी है कि परिंदा भी पर नहीं मार सकता। जनरल की इस रैली को लेकर चप्पे-चप्पे पर फौज का पहरा बैठा दिया गया है। हर ऊंची बिल्डिंग पर कमांडो तैनात कर दिए गए हैं। जो हर आने जाने वाले पर नजर रखे हुए हैं।
वीरवार को पुलिस मैदान में आम आदमी की एंट्री पर रोक लगा दी गई है। वहीं, सेना की ओर से एक्रिडिटेशन पर ही मीडिया को पास जारी किए जा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक सेनाध्यक्ष की योल स्थित गोल्फ कोर्ट में लैंडिंग को लेकर आर्मी ने रातों रात एक नए हैलीपैड का निर्माण किया है। वीरवार को लगभग दो दर्जन बार यहां लैंडिंग की प्रैक्टिस भी की गई। सेनाध्यक्ष सुबह 10.30 पर धर्मशाला पहुंचेंगे। सबसे पहले जनरल सिंह शहीद स्मारक में शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे। उसके बाद वह पुलिस मैदान में एक्स सर्विसमैन की सभा को संबोधित करेंगे। इस रैली में करीब 5 हजार पूर्व सैनिकों के जुटने की उम्मीद है। हिमाचल प्रदेश एक्स सर्विसमैन लीग के अध्यक्ष मेजर विजय सिंह मनकोटिया ने बताया कि जनरल वीके सिंह की सभा को लेकर सभी तैयारियां मुकम्मल कर ली गई हैं। पुलिस समेत सेना के जवान कानून व्यवस्था पर नजर रखे हुए हैं।