नूरपुर/भवारना (कांगड़ा)। निकटवर्ती खुशी नगर में तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी चालक को रौंद दिया। दर्दनाक हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक अन्य व्यक्ति हादसे में घायल हो गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मनकोटा जौंटा निवासी बालक राम स्कूटी पर अपने मालिक सुख चैन को साथ लेकर जसूर से जौंटा जा रहा था। दोपहर करीब एक बजे ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी की पिछली सीट पर बैठे सुख चैन छिटककर दूर जा गिरे। उन्हें चोटें आई हैं। लेकिन बालक राम की हादसे में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि नौकर और मालिक सामान लाने जसूर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार काफी देर तक नेशनल हाइवे पर मृतक का शव पड़ा रहा। न तो स्थानीय लोगों और न ही पुलिस ने शव को उठाने की जहमत उठाई। सूचना मिलने पर स्थानीय विधायक राकेश पठानिया मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। डीएसपी नूरपुर राजेंद्र जसवाल ने हादसे में बालक राम की मौत होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि फरार ट्रक चालक की धरपकड़ को अभियान छेड़ दिया है। इधर, भवारना के खैरा में बाइक ने तेरह वर्षीय लड़की शगुन शर्मा को टक्कर मारकर घायल कर दिया। लड़की को उपचार के लिए टांडा मेडिकल कालेज में भर्ती करवाया गया है।
बड़ा भंगाल के प्रधान दुर्घटना में घायल
बैजनाथ (कांगड़ा)। जिला की सबसे दुर्गम पंचायत बड़ा भंगाल के प्रधान चुनी लाल भंगालिया रविवार शाम को बीड़ के चौगान गांव के समीप दुर्घटना में घायल हो गए। चुनी लाल बाइक पर घर जा रहे थे कि आंधी तूफान के कारण वृक्ष की टहनी उनके ऊपर गिर गई। बाइक से नियंत्रण खो देने से वह एक तरफ गिर गए। घटना में उनके सिर पर गहरी चोटें आई हैं। उन्हें टीएमसी लाया गया, वहां से चिकित्सकों ने उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। वूल फेडरेशन के अध्यक्ष त्रिलोक कपूर ने चंडीगढ़ से दूरभाष पर बताया कि मंगलवार को चुनी लाल का सफल आपरेशन हुआ है। बीड़ पंचायत की प्रधान व महिला आयोग की सदस्य शीला ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है।
सड़क दुर्घटना में युवक घायल, टांडा रेफर
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। निकटवर्ती बौहण भाटी पंचायत में पेट्रोल पंप के पास मंगलवार सांय टैंपो-बाइक की टक्कर से बाइक सवार अशोक कुमार पुत्र चुनी लाल निवासी डोहग देहरियां घायल हो गया। उसे निकटवर्ती सामुदायिक स्वास्थ्य केेंद्र पहुंचाया गया। डा. सतिन्द्र वर्मा ने उसका प्राथमिक उपचार कर उसे टांडा मेडिकल कालेज रेफर कर दिया है। उधर टेंपो चालक अशोक कुमार ने स्वयं पुलिस के समक्ष हाजिर होकर अपना बयान दर्ज करवाया है। यातायात प्रभारी ज्वालामुखी रोमेश्वर दत्त घटनास्थल पर पहुंचे।