रे/ फतेहपुर/ रैहन (कांगड़ा )। भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार ने हर आवश्यक चीज के दाम बढ़ाकर लोगों के लिए दिक्कत पैदा कर दी है। प्रदेश में भाजपा सरकार विकास कार्यों के आधार पर चुनाव जीतेगी। नूरपुर में क्रिकेट प्रेमियों के लिए जल्द ही स्टेडियम बना दिया जाएगा। स्टेडियम बनाने के लिए करीब एक वर्ष का समय लगता है। वह फतेहपुर में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
धर्मशाला में आईपीएल मैच होने से विश्व में क्रिकेट के मानचित्र पर धर्मशाला का नाम चमका है। फतेहपुर में भाजपा ने कई विकास कार्य किए हैं, जिसके बलबूते भाजपा फतेहपुर का चुनाव जीतेगी। इस मौके पर अनुराग ठाकुर ने राम लीला मंच को संवारने के लिए एक लाख रुपए देने की घोषणा की। इस दौरान नूरपुर के विधायक राकेश पठानिया, पूर्व राज्यसभा सदस्य कृपाल परमार मौजूद थे। प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बलदेव ठाकुर ने कहा कि नूरपुर को जिला बनाने से फतेहपुर की जनता को काफी फायदा होगा। इस मौके पर मंडल फतेहपुर के अध्यक्ष करतार पठानिया, महिला मोर्चा अध्यक्ष सुमन बाला, युवा मोर्चा अध्यक्ष बलकार जरियाल, प्रदेश किसान मोर्चा महामंत्री राजेश ठाकुर, ओबीसी प्रकोष्ठ महामंत्री राजेश ठाकुर, बलदेव चौधरी ने भी संबोधित किया। मंडल महामंत्री प्रवीण राणा, युवा जिला अध्यक्ष हिमांशु मिश्रा, कर्ण गुलेरिया, मदन राणा, चंद्रशेखर गोरा और प्रेस सचिव अजय पठानिया मौजूद थे।