बैजनाथ (कांगड़ा)। स्थानीय परमार्थ इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को अंतर सदनीय एकल नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। स्कूल के ऋग्वेद, अथर्ववेद, सामवेद और यजुर्वेद सदनाें के छात्रों ने एक से एक बढ़िया नृत्य प्रस्तुतियां पेश कर सबका मन मोह लिया। प्रतियोगिता का शुभारंभ डा. सुभाष गिर ने किया। ऋग्वेद सदन की नेहा ने शिव तांडव पेश किया। जबकि यजुर्वेद की तनुप्रिया ने कथक नृत्य पेश कर खूब वाहवाही लूटी।
वहीं ऋग्वेद सदन की अनमोल कमल ने नवरंग तथा सामवेद की साक्षी वानी ने ‘मैया यशोदा’ पर बेहतरीन नृत्य प्रस्तुत किया। दो वर्गों कनिष्ठ व वरिष्ठ में विभाजित प्रतियोगिता के कनिष्ठ वर्ग में प्रथम स्थान ऋग्वेद की अनमोल कमल व सामवेद की साक्षी वानी को हासिल हुआ। दूसरे स्थान पर यजुर्वेद की अर्चना रहीं। वहीं वरिष्ठ वर्ग में ऋग्वेद की नेहा व यजुर्वेद की तनुप्रिया को पहला स्थान और अथर्व वेद की साक्षी सूद ने दूसरा स्थान हासिल किया। स्कूल की निदेशिका इंदु गोस्वामी ने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है।