पालमपुर (कांगड़ा)। इलाके के साथ लगते एक गांव से नाबालिग लड़की लापता हो गई है। परिजनों ने पुलिस में अपहरण का मामला दर्ज करवाया है। लड़की नवीं कक्षा में शिक्षा ग्रहण कर रही है। एक महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है कि उसकी नाबालिग लड़की को कोई बहला-फुसला कर अपहरण कर ले गया है।
पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में लड़की की मां ने कहा कि उनकी लड़की पालमपुर के एक सरकारी स्कूल में नवीं कक्षा में पढ़ती है। 13 मई की सुबह वह किसी काम से बाहर गई हुई थी और घर पर कोई भी नहीं था। जब वह शाम को घर लौटे तो लड़की घर में नहीं थी। काफी तलाश करने पर भी उसका कोई पता नहीं चला। महिला ने कहा कि लड़की के नाबालिग होने के कारण उसे कोई अज्ञात व्यक्ति बहला फुसलाकर उसका अपहरण कर ले गया है। हालांकि उन्होंने किसी पर कोई शक जाहिर नहीं किया है।
उधर, थाना प्रभारी डीआर राव ने कहा कि पुलिस ने लड़की की माता की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही मामले का पटाक्षेप होगा।