डलहौजी (चंबा)। हिमाचल प्रदेश में बेनामी और लीज प्रापर्टी को लेकर सरकार की ओर से बनाए गए वन मैन कमीशन पर डलहौजी नगर परिषद के अध्यक्ष मनोज चड्ढा ने सवाल उठाए हैं। वीरवार को डलहौजी में पत्रकार वार्ता के दौरान मनोज चड्ढा ने कहा कि सरकार की ओर से बनाए गए वन मैन कमीशन की रिपोर्ट डलहौजी की जनता के खिलाफ साजिश है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में से बेनामी संपत्तियों और लीज प्रापर्टी को लेकर केवल डलहौजी को निशाना बनाया जा रहा है जो सरासर गलत है। उन्होंने इस कमीशन पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि डलहौजी में मृत लोगों के नाम भी कमीशन की ओर से नोटिस भेजे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब रेवेन्यू अधिकारियों ने रजिस्ट्रियां की हैं तो अब उन्हें बेनामी कैसे बताया जा रहा है। उस समय इसे अनदेखा क्यों किया गया। मनोज ने कहा कि नगर परिषद के तहत लीज और सब लीज मान्य है। उन्होंने वन मैन कमीशन की रिपोर्ट पर कहा कि इसमें पारदर्शिता नहीं है। जब कमीशन डलहौजी जांच के लिए आया था तो उस समय नगर परिषद से रिप्रेंजेंटेशन नहीं लिया गया। लोगों का पक्ष भी नहीं सुना गया। उन्होंने कमीशन पर राजनीतिक दबाव में कार्य करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कमीशन ने केवल निजी संपत्तियों के बारे में ही रिपोर्ट दी है, जबकि डलहौजी में कई सरकारी कार्यालय भी लीज पर हैं। सबके लिए कानून एक होना चाहिए। उन्होंने सरकार से मांग की है कि सही तथ्यों को नजरअंदाज न किया जाए और प्रभावित लोगों को मालिकाना हक दिया जाए। कमीशन की ओर से पेश की गई रिपोर्ट एक तरफा है। इसमें प्रभावित लोगों के पक्ष नहीं लिए गए हैं। इस मौके पर पार्षद राकेश कुमार और प्रवीण कुमार भी उपस्थित थे।