भरमौर (चंबा)। भरमौर विधानसभा क्षेत्र में ठंडक टूटते ही राजनीतिक पारा चढ़ने लगा है। भाजपा और कांग्रेस के नेताओं ने विस चुनाव को लेकर गांवों में दस्तक देना शुरू कर दी है। मौजूदा और पूर्व विधायक के अलावा टिकट के चाहवान सक्रिय हो गए हैं। खासकर भाजपा और कांग्रेस की दूसरी पंक्ति के नेता टिकट का जुगाड़ करने के लिए अंदर खाते गोटियां फिट करने में जुटे हुए हैं। इन नेताओं ने लोगों को अपनी ओर मिलाने का अभियान छेड़ दिय है। अभी तक विधानसभा चुनावों की तिथि भी तय नहीं हुई है और लोगों में आने वाले प्रत्याशी को लेकर चरचाएं गर्म हैं। भरमौर-पांगी विस क्षेत्र में बीते तीन दशकों से कांग्रेस और भाजपा का दबदबा रहा है। यहां से एक बार कांग्रेस तो दूसरी बार भाजपा का उम्मीदवार जीतता आया है। खासकर यह सीट मौजूदा विधायक एवं विस अध्यक्ष तुलसी राम और कांग्रेस के पूर्व विधायक ठाकुर सिंह भरमौरी के पास ही रही है। इस बार दूसरी पंक्ति के नेताओं की कतार और दमखम के चलते यहां टिकट की जंग रोचक होने के आसार है। कई नेता पार्टी से तो कई आजाद प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरने का मन बना चुकें है। सभी ने क्षेत्र में जनसंकर्प अभियान छेड़ रखा है। कुछ नेता गुपचुप तरीके से टिकट की दावेदारी में जुटे हुए हैं। फिलहाल बीते माह से विस अध्यक्ष तुलसी राम क्षेत्र में डटे हुए हैं और दोबारा जीत दर्ज करने के लिए रणनीति बना रहे हैं। साथ ही कांग्रेस के पूर्व विधायक ठाकुर सिंह भरमौरी भी दावेदारों की परवाह किए बिना अलग-अलग पंचायतों का दौरा कर अपने पक्ष में माहौल बनाने में जुटे हुए हैं।