चंबा। एचआरटीसी के चंबा-दिल्ली रूटों पर जल्द ही डीलक्स बसें दौड़ती नजर आएंगी। चंबा डिपो में दो नई डीलक्स बसें पहुंच गई हैं। इन बसों का रूट सोमवार को आरटीओ कार्यालय में पास करवाया जाएगा। दो नई बसें मिलने के बाद निगम के पास अब चार डीलक्स बसें हो गई हैं। इस रूट में सवारियां डीलक्स बसों में सफर करना काफी पसंद करती हैं। इन बसों के शुरू होने से यात्रियों को अब साधारण बसों में हिचकोले नहीं खाने पड़ेंगे। इस बसों के पहुंचने के बाद डिपो में कुल बसों की संख्या 94 हो गई है। इन बसाें के चलने से लांग रूट जाने वाली सवारियों को सफर में दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा। इन बसों में एसी और टेलीविजन की सुविधा भी रहेगी। सीटें भी आराम दायक होने के कारण सवारियाें आराम से सफर कर सकेंगे। लंबे समय से लोग इन रूटों पर डीलक्स बसें चलाने की मांग निगम से कर रहे थे। नई डीलक्स बस को वाया डलहौजी चलाने पर विचार किया जा रहा है। यहां पर्यटकों की आमद ज्यादा होने से निगम इस रूट को ही फायदेमंद मान कर चल रहा है।
आरएम चंबा विजय कुमार सपहिया ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि चंबा डिपो को दो डीलक्स बसें मिली हैं। उन्होंने कहा कि इन बसों को चंबा-दिल्ली रूट पर वाया डलहौजी चलाने की योजना है। इसके लिए रूट परमिट लेने को आरटीओ आफिस में अप्लाई किया गया है।