पांगी (चंबा)। किलाड़ के पास महालू नाले बना पुल चट्टान गिरने से ढह गया है। इससे किलाड़-उदयपुर-मनाली हाईवे यातायात के लिए अवरुद्ध हो गया है। साथ ही पांगी क्षेत्र का यह एसकेटी मार्ग बंद होने से क्षेत्र की करीब नौ पंचायतें भी सड़क मार्ग से कट गई हैं। पुल के ढहने से मनाली की ओर से जाने वाले वाहन अब पांगी तक नहीं पहुंच पाएंगे।
पांगी के आवासीय आयुक्त संजीव कुमार ने पुल ढहने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि यह पुल ग्रीफ के हवाले है। फिलहाल प्रशासन ने लोगों को नाला क्रास करने के लिए वैकल्पिक इंतजाम कर दिए हैं और लोग पैदल आ-जा रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार इस पुल का जिम्मा बीआरओ के तहत ग्रिफ का है। लिहाजा दोबारा पुल निर्माण करने की जिम्मेवारी ग्रिफ की रहेगी। आवासीय आयुक्त ने पुल के ढह जाने बारे ग्रिफ को सूचित किया है। स्थिति का जायजा लेने के लिए ग्रिफ के मेजर नरवाल पुल का निरीक्षण कर पुल को नये सिरे से बनाने बारे योजना बनाएंगे।
उधर, पुल के ढह जाने से ब्लाक की 15 हजार के करीब आबादी की दिक्कतें काफी बढ़ गई हैं। लोग पांगी के लिए इस पुल से मनाली से भी अपने-अपने गंतव्य तक पहुंचते थे। पुल के ढह जाने से लोगों तक अब आम जरूरत की वस्तुएं भी नहीं पहुंच पाएंगी। आवासीय आयुक्त संजीव कुमार ने कहा कि पुल के ढहने से किलाड़-उदयपुर-मनाली मार्ग प्रभावित हुआ है। पांगी के लिए यही मार्ग प्रमुख तौर पर इस्तेमाल किया जाता है। उपायुक्त डा. सुनील चौधरी ने कहा कि वैकल्पिक पुल की व्यवस्था करने को कहा गया है। नया पुल बनाने के लिए सेना से कह दिया है। इसे बनने में भी कम से कम 15 दिन का समय लग सकता है।