अमर उजाला ब्यूरो
चुराह (चंबा)। रिकॉर्ड मतों से चंबा-कांगड़ा संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी के रूप में जीत दर्ज करने वाले किशन कपूर पर चुराह विस क्षेत्र से भी वोटों की बरसात हुई है। यहां कांग्रेस की स्थिति ऐसी रही कि दो पोलिंग बूथों में उसका खाता तक नहीं खुला सका वहीं, छह पोलिंग बूथों में वह दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाई। वर्ष 2012 और 2017 के विस चुनावों में यहां कांग्रेस लगातार पिछड़ती जा रही है। जबकि लोस चुनावों में भी कांग्रेस को राहत मिलती नहीं दिख रही है। जानकारी के अनुसार चुराह विस क्षेत्र के तहत 121 पोलिंग बूथ है।
इनमें से मन्सा और मंगली पोलिंग बूथ से कांग्रेस प्रत्याशी को एक भी वोट नहीं मिला है। जबकि छह अन्य पोलिंग बूथ गढ़ में पांच, सत्यास में आठ, बुईला में चार गलूआ में आठ, पुखरी पोलिंग बूथ नंबर तीन में आठ और खंडेर में मात्र दस मत कांग्रेसी प्रत्याशियों को मिले है। 42 बूथों में दहाई का अंक भी कांग्रेस पार नहीं कर पाई है।
चुराह में भाजपा प्रत्याशी किशन कपूर के पक्ष में 70.52 प्रतिशत और कांग्रेस को 26.09 प्रतिशत वोट मिले है। इसके अलावा 667 ऐसे मतदाता भी है, जिन्हें दोनों प्रत्याशी पसंद नहीं आए और उन्होंने नोटा का बट्टन दबाया। कुल मिलाकर विस क्षेत्र चुराह में विधायक हंसराज का कद बढ़ता जा रहा है।