शहर की एक महिला ने चाचा ससुर पर छेड़छाड़ करने और पति, सास और ननद समेत छह लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
शहर की एक कॉलोनी निवासी महिला ने शिकायत दी है कि उसकी शादी साल 2019 में हुई थी । शादी के बाद से ही उसके ससुरालपक्ष के लोगों ने उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। ससुराल पक्ष के लोग उससे दो लाख रुपये मायके से लाने की मांग करते थे। मांग पूरी न होने पर उससे मारपीट की जाती थी। एक दिन कमरे में अकेली देखकर उसके चाचा ससुर ने उसके साथ छेड़खानी की। विरोध करने पर उसे धमकाया गया। जब उसने यह बात अपने पति व सास को बताई तो उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। इस शिकायत पर शहर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी छह आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया है।