सहारनपुर कुरुक्षेत्र मार्ग पर औरंगाबाद पुल के पास गन्ने से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली को ओवरटेक करते हुए सामने से आ रही कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से घायल हुए युवक की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान रोड छप्पर निवासी साहिल कुमार के रूप में हुई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। मामले में पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रोड छप्पर निवासी रजत ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका बड़ा भाई साहिल कुमार (30) शादी समारोह व अन्य कार्यक्रमों में डीजे बजाने का काम करता था। उसके दो बच्चे हैं। बुधवार को साहिल कुमार अपने काम से यमुनानगर आया था। काम समाप्त कर देर शाम को वह बाइक पर घर लौट रहा था। जब वह औरंगाबाद पुल के नजदीक पहुंचा तो सामने से गन्ने से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली आ रही थी। जब साहिल उस ट्रॉली को क्रॉस करने लगा तभी सामने से तेज रफ्तार वरना कार आई। आरोप है कि कार चालक ने सीधी टक्कर साहिल बाइक में मार दी। टक्कर लगने से साहिल बाइक समेत सड़क के बीच मे गिर गया। सड़क पर गिरने से उसके दाहिनी टांग में चोटें लग गई। हादसे के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने गंभीर हालत में साहिल को अस्पताल पहुंचाया। हादसे की सूचना पाकर वह भी अपने जीजा सतीश के साथ मौके पर पहुंचा। वे साहिल को सिविल अस्पताल ले गए। जहां उपचार के दौरान उसके भाई साहिल कुमार की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। जांच अधिकारी पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।