शिक्षा विभाग की ओर से करवाई जा रही तीन दिवसीय 55वीं राज्यस्तरीय विद्यालय क्रीड़ा प्रतियोगिता का वीरवार को अंतिम दिन रहा। अंतिम दिन विभिन्न मुकाबले हुए। जिसमें खिलाड़ियों ने शानदान प्रदर्शन करते हुए भारी उत्साह दिखाया। यह राज्यस्तरीय प्रतियोगिता सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल में करवाई गई। इस बार जिले को कराटे, टेबल टेनिस और भारोत्तोलन की मेजबानी का मौका मिला था। जिसके तहत कराटे और टेबल टेनिस के मुकाबले सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल में करवाए गए। जबकि भारोत्तोलन प्रतियोगिता तेजली खेल स्टेडियम में हुई। अंतिम दिन कराटे और टेबल टेनिस में बहुत रोमांचक मैच देखने को मिले। हालांकि प्रतियोगिता के अधिकांश मुकाबले बुधवार देर शाम तक हो गए थे। लेकिन विभिन्न आयु वर्ग और भार वर्ग के कुछ मुकाबले बाकी थे, जो वीरवार को संपन्न हुए। इस दौरान फरीदाबाद ओवरऑल टेबल टेनिस चैंपियन बना। जिसमें फरीदाबाद की अंडर-14 लड़के लड़कियों की टीम ने विभिन्न जिलों को पछाड़ते हुए टेबल टेनिस स्पर्धा में नाम चमकाया। प्रतियोगिता के दौरान शिक्षा व खेल विभाग के अधिकारियों ने कार्यक्रम का निरीक्षण किया। यहां पर उन्होंने खिलाड़ियों और उनके साथ आए कोच व अध्यापकों से बातचीत की। खिलाड़ियों ने यमुनानगर में खेलने के अनुभव को सुखद बताया। यहां अधिकारियों ने कहा कि खेलों का जीवन में विशेष महत्व है। खेलों में भविष्य की अपार संभावनाएं हैं। इससे विभिन्न विभागों में सेवा करने के लिए प्राथमिकता मिलती है। अधिकारियों ने कहा कि खेलों में सुनहरा भविष्य ही नहीं बल्कि जीवन जीने की कला भी है। विद्यार्थियों को खेल दिनचर्या के रूप में अपनाना चाहिए। समापन पर मंगलवार व बुधवार के विजेता ही रहे, जबकि दूसरे पक्ष के खिलाड़ी सुबह ही अपने गृह क्षेत्र रवाना हो गए। समापन पर सभी स्पर्धाओं के विभिन्न आयु व भार वर्गों के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षाविद इंद्रजीत सिंह, कृष्ण लाल, अशोक कुमार, अरुण कुमार, सरिता देवी, गोबिंद सिंह भाटिया, अशोक कुमार, राहुल, योगेंद्र शर्मा, दया सिंह, संजय शर्मा, मोहनलाल, महेंद्र सिंह सहित सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विद्याथी व अध्यापक उपस्थित रहे।
भारोत्तोलन के अंडर-17 में ओवरऑल विजेता सोनीपत बना। जबकि अंडर-19 विजेता नूह रहा। दोनों जिलों के खिलाड़ियों को ओवरऑल ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। वहीं टेबल टेनिस प्रतियोगिताओं में अंडर- 14 में फरीदाबाद ओवरऑल चैंपियन बना। फरीदाबाद के लड़के व लड़कियों की टीम ने शानदार प्रदर्शन कर प्रथम स्थान पाया। अंडर- 17 लड़कों में भी फरीदाबाद ने बाजी मारी। जबकि लड़कियों की प्रतियोगिता में हिसार अव्वल रहा। अंडर-19 लड़कों में फरीदाबाद विजेता बना। लड़कियों में रेवाड़ी पहले स्थान पर रहा।