यमुनानगर। महिला की फेसबुक आईडी पर अश्लील फोटो पोस्ट करने के आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गांधीनगर थाना पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया था कि उसकी शादी वर्ष 2019 में अंबाला के गांव निवासी व्यक्ति के साथ हुई थी। इस शादी से उसके पास एक बेटा है।
आरोप था कि पति व ससुराल वालों ने उसे परेशान करना शुरू कर दिया। उसके साथ मारपीट की जाती। जिस वजह से वह तीन वर्ष से अपने बच्चे सहित मायके में रह रही है। पति व ससुरालियों के खिलाफ उसने कोर्ट में मारपीट व दहेज प्रताड़ना और खर्च आदि को लेकर दावा डाला हुआ है। आरोप था कि अब उसे कोर्ट में चल रहे केस को वापस लेने की धमकी दी जा रही है। जिस पर महिला ने पांच सितंबर को एसपी को शिकायत दी। इस मामले में आरोपी पति व ससुरालियों ने माफी मान ली थी और राजीनामा कर लिया था। इसके बाद वह ससुराल में चली गई थी। आरोप था कि पति को उसकी फेसबुक आईडी का पासवर्ड पता था। जिस पर उसने दोबारा यह आइडी चलाई। इस पर वह अश्लील फोटो भेज रहा है। जिससे उसकी बदनामी हो रही है। इस मामले में गांधीनगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया था। संवाद