पढ़ें अमर उजाला ई-पेपर
कहीं भी, कभी भी।
*Yearly subscription for just ₹299 Limited Period Offer. HURRY UP!
बोले, बवानीखेड़ा की सब तैं बड्डी रैली करके दिखाऊंगा
116 करोड़ की 28 परियोजनाओं की होगी घोषणा
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। ‘मुख्यमंत्री की रैली सै जिसका जी करै आओ अर जिसका जी ना करै ना आओ। अकेले अपणे दम पर बवानीखेड़ा हलकै की सब तैं बड्डी रैली करके दिखाऊंगा। इस तरहां की रैली कदै कलोई में बी ना हुई होगी। इतिहास उठाकै देख ल्यो एक दिन में 28 विकास परियोजनाओं पर 116 करोड़ रुपये खर्च करने की घोषणा कदै नहीं हुई सै। मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा 13 जुलाई नै एक दिन में ये सारी घोषणाएं कर नया इतिहास रचैंगे।’ मुख्य संसदीय सचिव रामकिशन फौजी वीरवार को बया पर्यटन केंद्र में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
मुख्य संसदीय सचिव धर्मबीर सिंह के बवानीखेड़ा रैली में आने के सवाल पर फौजी बोले मुख्यमंत्री हुड्डा की रैली सै, जिसका जी करै आओ, ना करै ना आओ। अपणी तरफ तैं सारे कांग्रेसियां का निमंत्रण सै, आणा ना आणा उनकी मर्जी। फौजी बोले रैली में अथाह भीड़ उमड़ैगी इसलिए रैली का स्थान अब हुडा ग्राउंड कर दिया है।
13 नै बताऊंगा एनसीआर में किसनै शामिल करवाया
पत्रकारों के सवाल के जवाब में फौजी बोले भिवानी महेंद्रगढ़ संसदीय क्षेत्र को एनसीआर में शामिल किसनै करवाया, 13 की रैली में बताऊंगा। विकास के सवाल पर उन्होंने कहा कि चालीस सालों में इतना विकास नहीं हुआ जितना उन्होंने अपने हलके लिए करवाया है।
एक दिन, 28 परियोजना, 116 करोड़ खर्च
फौजी ने कहा कि अपने आप में यह रिकार्ड है कि आजतक एक दिन में किसी हलके में 28 परियोजनाओं पर 116 करोड़ रुपये खर्च करने की घोषणा की गई हो। मुख्यमंत्री हुड्डा 13 जुलाई की प्रगति रैली में यह इतिहास रचेंगे। फौजी का वादा है कि जितनी घोषणाएं रैली के दिन मुख्यमंत्री हुड्डा करेंगे उन सब का काम विधानसभा चुनाव तै पहले पूरा करवा दूंगा।
प्रगति रैली में 50 हजार से ज्यादा आएंगे
फौजी ने दावा किया कि बवानीखेड़ा कस्बा में होने वाली प्रगति रैली में 50 हजार से ज्यादा लोग आएंगे। उन्होंने रैली पर कोई खर्च नहीं किया कार्यकर्ता खुद इसका प्रबंध कर रहे हैं। रैली के लिए करीब छह हजार वाहनों की व्यवस्था की गई है। करीब 60 एकड़ में पार्किंग स्थल बनाया गया है। इसके अलावा पार्किंग, रैली स्थल की व्यवस्था, पीने के पानी आदि सारी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई है। रैली में लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। चाहे जो हो राजनीतिक जानकारों की नजर 13 की रैली पर टिकी हैं। रैली को कामयाब बनाने में फौजी कितने कामयाब होते हैं यह रैली में आने वाली भीड़ बताएगी।