चरखी दादरी। नगर में एक अनुसूचित जाति की महिला का अपहरण कर उसके साथ गैंगरेप करने का मामला प्रकाश में आया है। शहर पुलिस ने इस संबंध में पीड़िता का मेडिकल करवाने के बाद तीन युवकों के खिलाफ अपहरण और दुराचार का केस दर्जकर एक आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी ने वारदात स्थल का निरीक्षण कर पीड़िता से मुलाकात की। पुलिस बाकी आरोपियों के गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित महिला ने शिकायत दर्ज कराया है कि वह अपने पति के साथ कमरे में सो रही थी। देर रात तीन युवक आए और उन्होंने कमरे में जोर-जोर से धक्का देना शुरू कर दिया। जिससे कमरे की कुंडी खुल गई। तीनों युवकों ने पीड़िता और उसके पति के साथ कमरे में घुसते ही मारपीट शुरू कर दी। दोनों को काफी बेरहमी से पीटा गया। बाद में युवकों ने महिला के पति को रस्सी से बांधकर महिला को जबरन अपने साथ उठाकर ले गए और काफी दूर ले जाकर एक खेत में तीनों ने उससे दुराचार किया। इस दौरान महिला मदद को काफी चिल्लाती रही लेकिन रात होने के कारण कोई उसकी मदद को नहीं पहुंचा। बाद में पीड़िता को बेहोशी की हालत में वही छोड़कर फरार हो गए। महिला किसी तरह वापस अपने घर पहुंची और अपने पति को बंधन से मुक्त करवाकर पुलिस को मामले की जानकारी दी। घायल दंपति को शहर के सरकारी अस्पताल में भरती करवाया गया। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल करवाकर तीन युवकों के खिलाफ केस दर्जकर। एक आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक सिमरनदीप सिंह ने वारदात स्थल का दौराकर पीड़ित महिला से मुलाकात की और घटना की जानकारी ली।
दुराचार पीड़ित महिला को सामान्य अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है जबकि उसके पति का अभी उपचार चल रहा है। दोनाें को मारपीट के चलते नगर के सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। पीड़िता का मेडिकल करवाया गया है अभी रिपोर्ट नहीं मिल पाई है। आरोपी एक युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया गया है। शेष आरोपियों की धरपकड़ जारी है। पीड़ित परिवार की सुरक्षा के लिए चरखी दादरी के डीएसपी बिजेंद्र सिंह को निर्देश दे दिए गए हैं। शहर पुलिस ने इस संबंध में तीनों आरोपियों के खिलाफ 363,452,323,506,376-जी के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
सिमरनदीप सिंह मान, पुलिस अधीक्षक