पंचकूला। पेट्रोल की कीमत में की गई बढ़ोतरी के खिलाफ वीरवार को भाजपा नेताओं और युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने सेक्टर-17/18 चौक पर यूपीए सरकार का पुतला फूंका। भाजपा कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। भाजपा के प्रदर्शन के कारण कुछ देर ट्रैफिक जाम रहा।
भाजपा के पूर्व सांसद रतन लाल कटारिया ने कहा कि मौजूदा केंद्र सरकार के कार्यकाल में जितनी महंगाई हुई है उतनी देश में कभी नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि 9 नवंबर 2010 को जब पेट्रोल की सबसे ज्यादा कीमत 147 डालर प्रति बैरल थी, तब देश की जनता को पेट्रोल 52.91 पैसे में मिलता था। आज जब पेट्रोल 116.97 डालर प्रति बैरल है तो फिर इतनी महंगाई क्यों कर दी गई। वहीं प्रदेश कोषाध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने बताया कि केंद्र सरकार लगातार कभी पेट्रोलियम पदार्थों तो कभी अन्य खाद्य पदार्थों की कीमतों में वृद्धि कर रही है। आम आदमी पर विभिन्न कर लगाए जा रहे हैं। इस मौके पर प्रदर्शनकारी नेताओं ने केंद्र सरकार की ओर से बढ़ाई गई कीमतों की निंदा की। इस अवसर पर जिला प्रधान कंवर सेन सिंगला, पार्षद वीके सूद, नगर निगम के उपप्रधान बीबी सिंघल, रमेश राणा, युवा मोर्चा के दीपक शर्मा, विशाल सेठ, कमल शर्मा, श्याम लाल सचदेवा, अरुण गुलेरिया, गगन कुमार, अब्दुल मियां समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।