पंचकूला। सेक्टर-6 स्थित जनरल अस्पताल में मरीजों के इलाज के साथ ही उनको विशेष सुविधाएं मुहैया करवाई जाएगी। अस्पताल प्रबंधन बेडिंग केपिसिटी बढ़ाने के साथ ही सुपर डीलक्स और डीलक्स रूम बनाने जा रहा है। यह रूम अस्पताल की नई बिल्डिंग में बनाए जाएंगे। इसमें उच्चस्तरीय चिकित्सीय साधनों के साथ ही टीवी, फोन, अलमारी, गीजर की सुविधाएं रहेंगी। प्रबंधन की ओर से जनवरी 2013 तक रूम बनकर तैयार होने के दावे किए जा रहे हैं।
जनरल अस्पताल मौजूदा समय में केवल 150 बेडिंग केपिसिटी वाला अस्पताल है। इलाज के लिए आए मरीजों को ग्राउंड, फर्स्ट और थर्ड फ्लोर में दाखिल किया जाता है। सेकेंड फ्लोर में रेनोवेशन का कार्य चल रहा है। वहीं दूसरी ओर चंडीगढ़, पंजाब और हिमाचल प्रदेश से सटा होने के कारण अस्पताल में दिन-ब-दिन मरीजों का बोझ बढ़ता ही जा रहा है। हाल फिलहाल मरीजों को इमरजेंसी या फिर एक वार्ड से दूसरे वार्ड में बार बार शिफ्ट किया जाता है। अस्पताल में एक भी प्राइवेट रूम नहीं हैं। लोगों को प्राइवेट रूम के लिए परेशान होना पड़ता है। कुछ लोग 6 बेड वाले सीसीयू में मरीजों को दाखिल करवाते हैं। अस्पताल की नई बिल्डिंग 150 बेडिंग क्षमता वाली है। अस्पताल प्रबंधन ने नई बिल्डिंग में डीलक्स और सुपर डीलक्स रूम बनवाने की योजना बनाई है। यह रूम हर वर्ग के लोगों के लिए है।
ये रहेंगी रूम की सुविधाएं
डीलक्स और सुपर डीलक्स रूम में सभी तरह के अत्याधुनिक उपकरणों लगने के साथ ही टीवी, फ्रिज, फोन, अलमारी, गीजर, सोफे की सुविधाएं रहेंगी। डीलक्स रूम में मरीजों के साथ उनके तीमारदार भी साथ ही रहेंगे। प्रबंधन के अनुसार कमरों में स्पीकर भी लगेंगे। इन स्पीकरों में भजन सुनाई देंगे। किसी तरह की अनाउंसमेंट भी मरीजों को की जा सकती है।
वीवीआईपी और वीआईपी को होगा आराम
अस्पताल प्रबंधन का मानना है कि डीलक्स और सुपर डीलक्स रूम बन जाने से वीवीआईपी और हाईप्रोफाइल लोगों को भी काफी आराम मिल जाएगा। अभी विशेष सुविधाओं वाला रूम न होने के कारण लोग प्राइवेट अस्पतालों की ओर अपना रुख कर लेते हैं।
सर्जरी पैकेज में रखने की योजना
डीलक्स रूम बनने के बाद उसको आपरेशन पैकेज में रखने की योजना बनाई जा रही है। प्रबंधन ये मानकर चल रहा है कि अगर रूम के चार्जेज को आपरेशन पैकेज के साथ ही मिला दिया जाए, तो मरीजों पर अतिरिक्त भार नहीं पडे़गा।
कोट्स
जनरल अस्पताल की नई बिल्डिंग में प्राइवेट रूम के साथ ही डीलक्स और सुपर डीलक्स रूम बनाए जाएंगे। इन रूम्स में मरीजों को विशेष सुविधाएं और घर जैसा महौल मिलेगा। इनके अगले साल की शुरुआत में बनकर तैयार होने की संभावना है।
डा. उषा गुप्ता प्रिंसिपल मेडिकल आफिसर, जनरल अस्पताल।