पंचकूला। युवक कांग्रेस चुनाव के पैटर्न में इस बार फेरबदल कर दिया गया है। पहले वार्ड लेवल पर इलेक्शन होते थे। अब बूथ लेवल पर चुनाव होंगे। यह जानकारी अंबाला लोकसभा हलका के रिटर्निंग अधिकारी भूपेंद्र सिंह ने पंचकूला में दी। उन्होंने दोनों विधानसभा हलका पंचकूला एवं कालका में रविवार को अपने सदस्यता अभियान का शंखनाद कर दिया। चुनाव सदस्यता अभियान खत्म होने के बाद होंगे। सदस्यता अभियान की अंतिम तारीख 13 जून है।
उन्होंने बताया कि पंजाब-गुजरात में यूथ कांग्रेस के चुनाव हो चुके हैं। अब हरियाणा और महाराष्ट्र में होने हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही पहली पार्टी है, जो संगठन में लोकतंात्रिक रवैया अपनाती है। संगठन में भी चुने गए प्रतिनिधि रखे जाते हैं। इनमें मेहनती नेताओं को ही विधानसभा और लोकसभा का टिकट दिया जाता है। हलका अध्यक्ष विभोर बतरा ने बताया कि पहले सदस्यता अभियान चलेगा। उसके बाद फार्मों की स्कूटनी होगी। फिर वोटर लिस्ट बनाकर बूथ कमेटियों का चुनाव होगा। इसमें एक प्रेसिडेंट, एक वाइस प्रेसिडेंट और तीन जनरल सेक्रेटरी होंगे। बूथ कमेटियां ही विधानसभा, लोकसभा और स्टेट प्रेसिडेंट को चुनेंगी। उन्होंने बताया कि संगठन को इससे मेहनती और जमीन से जुड़े नेता मिलेंगे।
भूपेंद्र सिंह ने बताया कि 15 जून तक चलने वाले सदस्यता अभियान में बूथ स्तर पर युवाओं को युवा कांग्रेस से जोड़ा जाएगा। इस समय लगभग तीन लाख युवा हरियाणा कांग्रेस से जुड़े हैं। उन्होंने बताया कि युवा कांग्रेस की ओर कालेजों में विशेष तौर पर सदस्यता अभियान छेड़ा जाएगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा युवाओं को जोड़ सकें। उन्होंने कहा कि युवतियां भी पार्टी से काफी तादाद में जुड़ रही हैं और उनके लिए पद भी आरक्षित रखे गए हैं। विभोर ने बताया कि पंचकूला में युवा सदस्य बनने में काफी रुचि दिखा रहे हैं। इस मौके पर उपप्रधान राजीव चितकारा, कालका प्रधान मलविंद्र सिंह कालू भी मौजूद रहे।