पंचकूला। लोड बढ़ते ही शहर में बिजली संकट गहराने लगा है। सेक्टर-25 और 26 में बिजली की कटौती बढ़ गई है। इससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है। शुक्रवार रात सेक्टर-25 में हर पांच मिनट बाद कट लगते रहे। लोगों ने इसकी शिकायत भी की लेकिन राहत नहीं मिली। अधिकारियों के मुताबिक लोड बढ़ने के कारण फाल्ट और ट्रिपिंग की समस्या बढ़ रही है। शुक्रवार इलाके का जंफर उड़ गया था। सूचना मिलते ही उसे ठीक कर दिया गया।
सेक्टर-25 निवासी और पूर्व डिप्टी सीएम के राजनीतिक सचिव अनिल पंगोत्रा, गौरव चंदेल, कपिल शर्मा और एसके सरीन ने बताया कि शुक्रवार पूरी रात लोगों को जागकर काटनी पड़ी। हर पांच से दस मिनट बाद बिजली के कट लग रहे थे, जिन लोगों के घर इनवर्टर लगे थे, उनके इनवर्टर तक ठप हो गए और जिन घरों में इनवर्टर जैसे उपकरण नहीं लगे थे, उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान रात में बिजली अधिकारियों से बात भी की गई। करीब दो घंटे बाद लाइट आई। उसके बाद भी कट लगते रहे।
उन्होंने बताया कि जब से गर्मियां बढ़ी हैं, तब से बिजली के कट बढ़ गए हैं। दिन हो या रात कट लगातार बढ़ते जा रहे हैं। इस दौरान फाल्ट की संख्या में भी इजाफा हुआ है। उन्होंने बिजली निगम से मांग की है कि रात में फाल्ट ठीक करने की दिशा में कर्मचारियों की संख्या में इजाफा करना चाहिए और रात के लिए एक कंप्लेन सेंटर स्थापित करना चाहिए, ताकि लोगों की शिकायत का निवारण हो सके।
सेक्टर-4 में डेढ़ घंटे गुल रही बिजली
सेक्टर-4 स्थित हरीपुर गांव में भी शुक्रवार रात फाल्ट से करीब डेढ़ घंटे बिजली गुल रही। रात करीब नौ बजे इलाके में फाल्ट हो गया। इससे पूरे इलाके की बिजली गुल हो गई। उसके बाद बिजली अधिकारियों को सूचना दी गई। करीब एक घंटे बाद जाकर फाल्ट ठीक हुआ। उसके बाद बाद आधे घंटे बाद फिर से बिजली गुल हो गई।