पंचकूला। सिटी ब्यूटीफुल ने एक्टर बनने की चाह को जगाया, लेकिन चाहत को मुकम्मल मुंबई ने बनाया। यह कहना है खलनायक के विलेन प्रमोद माऊथो का। वे शनिवार को बलटाना स्थित वृंदावन दी हट्टी के मालिक आरके वर्मा से मुलाकात करने आए थे। उन्होंने कहा कि वे फिल्मों में अथैलो जैसी वाली भूमिका की तलाश में हैं। फिल्म के हर रोल में वे जीना चाहते हैं। मूल रूप से कपूरथला के रहने वाले प्रमोद माऊथो का कहना है कि चंडीगढ़ के इंडियन थियेटर से एक वर्ष का डिप्लोमा किया था। उसके बाद सपने को साकार करने के लिए मुंबई की ओर बढ़े। फिल्मी सफर की शुरुआत महेश भट्ट की टेलीफिल्म स्वयं से की। उसके बाद डैडी में स्वामी का किरदार निभाया। लोगों के दिलों में जगह उन्हें सुभाष घई की फिल्म खलनायक में विलेन के रोल ने दिलाई। उसके बाद हैरी बवेजा की फिल्म दिल वाले में रवीना टंडन के मामा का रोल निभाया। इसके अलावा उन्होंने दिलजले, राजा हिंदुस्तानी जैसी हिट फिल्मों में काम किया। प्रमोद अब तक 251 फिल्में कर चुके हैं। वे इस समय तीन हिंदी फिल्मों व दो साउथ की मूवी में काम कर रहे हैं। चंडीगढ़ वे साडा हक पंजाबी फिल्म की शूटिंग के लिए पहुंचे थे।