पंचकूला। भाजपा की ओर से पेट्रोल कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ वीरवार को किए जाने वाले देश बंद का असर पंचकूला में भी दिखेगा। यहां भी सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक शहर बंद रहेगा। हालांकि, इस दौरान कोई जबरदस्ती नहीं की जाएगी।
भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने यह जानकारी देते हुए बुधवार को सेक्टर-2 स्थित पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि पेट्रोल कीमतों में साढे़ सात रुपये की बढ़ोतरी करने से आम आदमी पर महंगाई का बोझ बढ़ गया है। इसके विरोध में भाजपा और हजकां के नेता-कार्यकर्ता सेक्टर-7 की मार्केट में एकत्रित होंगे और वहां से शहर की मार्केटों को बंद करने का आग्रह करेंगे। इस दौरान किसी से जोर जबरदस्ती नहीं की जाएगी।
हजकां के जिला प्रधान शशि शर्मा ने बताया कि इस प्रदर्शन में शहरवासियों का काफी समर्थन मिल रहा है। बंद के दौरान किसी भी तरह से लोगों को परेशानी का सामना न करना पडे़, इसका भी ध्यान रखा जाएगा। शाम पांच बजे तक प्रदर्शन समाप्त कर दिया जाएगा। इस मौके पर भाजपा के जिला प्रधान कंवर सेन सिंगला, बंतो कटारिया, अजय शर्मा, दीपक शर्मा, वीरेंद्र राणा और हजकां से दलबीर सिंह, सुखविंदर मन्ना, रामस्वरूप सैनी भी उपस्थित रहे।