सिरसा। भाजपा के जिलाध्यक्ष गुरदेव सिंह राही पर करोड़ों की संपत्ति धोखाधड़ी से हड़पने का मामला दर्ज करवाने वाले उनके भाई कुलदीप सिंह ने एक बार फिर अपने भाई पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सोमवार को पत्रकारों के सामने उन्होंने कहा कि गुरदेव राही राजनीतिक दबाव डालकर उसकी एफआईआर रद करवाने की कोशिश कर रहे हैं। कुलदीप सिंह ने अपने भाई से जान का खतरा भी बताया।
उन्होंने कहा कि उन्हें जान से मारने की धमकी मिलने के बाद उनका बड़ा बेटा मानसिक रूप से बीमार हो गया है जबकि छोटा भाई भी सदमे के चलते बीमार है। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह, प्रदेशाध्यक्ष रामविलास शर्मा और मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को इस बारे में शिकायत भेजकर गुरदेव सिंह राही को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की है। सोमवार को कुलदीप सिंह ने कई तथ्य पत्रकारों के सामने रखे। उन्होंने कहा कि गुरदेव राही के साथ-साथ भाजपा के पदाधिकारी भी पुलिस और प्रशासन पर एफआईआर खारिज करवाने का दबाव डाल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गुरदेव राही ने न केवल उनकी करोड़ों की संपत्ति धोखाधड़ी से हड़प ली बल्कि उनकी माता दलीप कौर पत्नी स्व. सुच्चा सिंह को भी अपने कब्जे में ले रखा है।
कुलदीप ने अपने भाई पर आरोप लगाया कि गुरदेव राही गुंडों का इस्तेमाल कर कमजोर लोगों की जायदाद पर कब्जे करने का काम करता है। जबसे राही के खिलाफ एफआईआर कराई गई है, वह उन्हें और उनके परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी दे रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से गुरदेव राही को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की है।
अदालत है पर पूरा भरोसा : राही
भाजपा के जिला प्रधान गुरदेव सिंह राही ने इस संबंध बताया कि उनके भाई कुलदीप सिंह ने उन पर जो मामला दर्ज करवाया है वह पूरी तरह निराधार है। उन्होंने कहा कि उन्हें अदालत पर पूरा भरोसा है। उन्होंने बताया कि संपत्ति का बंटवारा पहले हो गया था। इस मामले में हाईकोर्ट ने भी अप्रैल 1988 में फैसला उनके पक्ष में दिया था। बंटवारे में जो भूमि उन्हें मिली है उसकी कीमत आज ज्यादा हो गई है और इसी को चलते कुलदीप के मन में लालच आ गया है। राही ने कहा कि उन्होंने कोई फ्राड नहीं किया है उनके राजनीतिक विरोधी एक साजिश के तहत यह सब कुछ करवा रहे हैं।