संदीप कुमार
अंबाला। एक्स-रे के लिए मरीजों को सात किलोमीटर की दौड़ लगानी पड़ रही है। कारण है, छावनी के नागरिक अस्पताल में मशीन का खराब होना। इसलिए मरीजों को शहर के सिविल अस्पताल में भेजा जा रहा है। छावनी नागरिक अस्पताल में रोजाना दो हजार की ओपीडी होती है। यहां दूर दराज से मरीज अपने तीमारदारों के साथ दवा लेने के लिए आते हैं।
बताया जाता है कि यह एक्स-रे मशीन वर्ष 2021 में नागरिक अस्पताल में आई थी। इसके बाद से यह कई बार खराब हो चुकी है। इस मशीन को ठीक करवाने के लिए टेक्नीशियन को बुलाना पड़ता है। अब फिर से यह मशीन खराब हो गई है। कुछ मरीज शहर जा रहे हैं जबकि कई छावनी में ही अन्य स्थानों से रुपये देकर एक्स-रे करवाने को मजबूर हैं।
छावनी अस्पताल में रोजाना 100 मरीजों के एक्स-रे किए जाते हैं। बुधवार को रेडियोग्राफर रोजाना की तरह एक्स-रे कर रहा था। इस दौरान मशीन खराब हो गई। अब नागरिक अस्पताल में सिर्फ एक छोटी पोर्टेबल मशीन है। जिससे इमरजेंसी में ही एक्स-रे कर रहे हैं। वीरवार को दिनभर एक्स-रे करवाने के लिए मरीज भटकते रहे।
फोटो: 16
एक माह से बुखार
छावनी के बीडी फ्लोर मिल स्थित पंजाबी बाग निवासी निशा ने बताया कि एक महीने से बुखार है। आराम नही आया तो डॉक्टर ने एक्स-रे जांच के लिए लिखा है। पता चला कि मशीन खराब है।
फोटो: 17 अर्चित
झेलनी पड़ रही परेशानी
अग्रवाल ने बताया कि वह छावनी का निवासी है। वह अपना एक्स-रे करवाने आया लेकिन उसे मशीन खराब बोलकर वापस भेज दिया गया। अब परेशान हो गए हैं कि एक्स-रे के लिए कहां जाएं।
फोटो: 18
नहीं हुआ एक्स-रे
केसरी निवासी अर्जुन ने बताया कि उसकी छाती में दर्द है। जब वह दवा लेने आया तो डाक्टर ने छाती का एक्स-रे लिखा है। अब मशीन खराब है इस कारण उसका एक्स-रे नहीं हो पाया।
मशीन के खराब होने की सूचना उन्होंने अधिकारियों को दे दी है। अभी छोटी पोर्टेबल मशीन से इमरजेंसी में काम चलाया जा रहा है। जल्द ही व्यवस्था बनाई जाएगी। -राकेश सहल, पीएमओ, नागरिक अस्पताल, अंबाला छावनी
बाइक की चपेट में आने से बच्चा घायल, रेफर
शहजादपुर। गांव मलिकपुर के पास ईंट-भट्टे पर रहने वाले बच्चा बाइक की चपेट में आने से घायल हो गया। जिसे परिजन इलाज के लिए छावनी के नागरिक अस्पताल में लेकर पहुंचे। जहां एक्स-रे मशीन खराब होने के चलते उसे शहर के नागरिक अस्पताल में रेफर कर दिया। बिहार के जिला नवादा निवासी राजू मांझी ने बताया कि उसका सात साल का बेटा किशन घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान एक युवक तेज रफ्तार से बाइक लेकर आया और उसके बेटे किशन के पैर पर चढ़ा दी। वह घायल बेटे को लेकर छावनी के नागरिक अस्पताल में पहुंचा। जहां पर डाक्टर ने उसके घायल बेटे का एक्स-रे करवाने को कहा। जब वह एक्स-रे करवाने गया तो वहां पर उसे पता चला कि मशीन खराब है।