अंबाला। प्रॉपर्टी टैक्स जमा न करवाने पर नगर निगम ने दो सरकारी विभागों को सील कर दिया। नगर निगम ने कृषि विभाग के भवन से करीब छह लाख 82 हजार रुपये के बकाया टैक्स लेना था। इसी को लेकर सोयल टेस्टिंग विभाग और उपमंडल कृषि कार्यालय को सील कर दिया। इस कार्रवाई को लेकर नगर निगम की टीम सुबह करीब 11 बजे कार्यालय पहुंची। इस दौरान करीब एक घंटे तक अधिकारियों से बातचीत के लिए इंतजार किया। जब किसी की ओर से कोई उत्तर नगर निगम अधिकारियों को नहीं मिला तो उन्होंने नोटिस चस्पाते हुए सील लगा दी।
निगम टैक्स इंचार्ज बलबीर सिंह ने बताया कि नगर निगम कमिश्नर के आदेश अनुसार सील लगाई गई है। दोनों विभागों पर लगभग छह लाख 82 हजार रुपये का टैक्स बकाया है। 2019 से इन दोनों विभागों को नोटिस दिए जा रहे हैं पर अभी तक टैक्स जमा नहीं करवाया। उन्होंने बताया कि अभी तक लगभग पांच करोड़ रुपये बकाया टैक्स वसूला जा चुका है। इस कार्रवाई में क्लर्क हरीश छाबड़ा, पुनित, सोनू, संदीप, सविंद्र राणा व अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।