दिल्ली-एनसीआर में बर्फीली हवा का सितम, कंपकंपाते रहे लोग
नई दिल्ली। दिल्ली सहित पूरे एनसीआर में सोमवार को बर्फीली सर्द हवाओं ने सितम ढहाया। तेज हवा और बादल छाए रहने से लोग घरों में भी कंपकंपाते रहे। दोपहर तीन बजे बाद सूरज ने तेज दिखाया, लेकिन हवा की गति के बाद धूप बेअसर रही। बृहस्पतिवार तक एक बार फिर से न्यूनतम तापमान में गिरावट की संभावना है। इस कारण कड़ाके की ठंड का अहसास बना रहेगा। राजधानी में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 17.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले एक जनवरी को न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। पालम क्षेत्र में सुबह कोहरे की वजह से दृश्यता शून्य रही जबकि सफदरजंग में 200 मीटर थी।
दिल्ली में बीते सप्ताह बारिश का दौर जारी रहा था इस कारण अधिकतम व न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई थी। सात जनवरी के बाद से तापमान में गिरावट आने लगी है। बीते रविवार से पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं ने दिल्ली-एनसीआर में दस्तक दी है और इस कारण से ठिठुरन एकाएक बढ़ गई। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में जाफरपुर सबसे अधिक ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान सबसे कम 6 और अधिकतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस रहा। लोदी रोड में न्यूनतम तापमान 6.1 और अधिकतम तापमान 18.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,
मौसम विभाग के अनुसार 12 से 13 जनवरी तक न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। इसके बाद 14 जनवरी तक न्यूनतम तापमान पांच डिग्री तक लुढ़कने का अनुमान है। हालांकि अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। 14 व 15 जनवरी को सुबह आंशिक बादल छाए रहने व मध्यम से घना कोहरा रहने की संभावना है।