प्रदेश के अन्य जिले से आए थे कार्यकर्ता
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेस वे पर जाम लगाने के मामले में खेड़की दौला पुलिस ने यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज किया है। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने एक पदाधिकारी को गिरफ्तार किया है। इसके बाद में जांच में शामिल कर जमानत पर छोड़ दिया गया। दूसरे जिलों से आए यह कार्यकर्ता कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की सदस्यता रद्द किए जाने के विरोध में दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेस-वे पर प्रदर्शन कर रहे थे और इन्होंने जाम लगाने का प्रयास किया था।
बता दें कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की सदस्यता रद्द किए जाने के विरोध में अन्य जिलों से आए यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता खेड़की दौला टोल प्लाजा के नजदीक एक्सप्रेस-वे पर बैठ गए थे। सूचना मिलते ही खेड़की दौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एक कार्यकर्ता को काबू कर लिया, जबकि बाकी सभी फरार हो गए। आरोपी यूथ कांग्रेस का कार्यकर्ता विकास परमार है, जो रोहतक की प्रेम नगर कॉलोनी का रहने वाला है। विकास परमार से पूछताछ के अनुसार यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष दिव्यांशु बुद्धिराजा के नेतृत्व में कार्यकर्ता पहुंचे थे। जाम करने वालों में पानीपत के इसराना यूथ कांग्रेस के ग्रामीण अध्यक्ष अरुण कुमार, उपप्रधान अजय कुमार और महेश कुमार, सोनीपत शहरी यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष विजय कुमार, करनाल यूथ कांग्रेस के अनुरुद्ध और अज्जू, नवीन कुमार, फरीदाबाद से जयप्रकाश, पंचकूला से अशोक कुमार आदि शामिल थे। खेड़कीदौला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह का कहना है कि सभी कार्यकर्ता 10 से 15 मिनट तक सभी एक्सप्रेस-वे पर बैठे। पुलिस को देखते ही सभी फरार हो गए। एक को मौके से गिरफ्तार किया गया। अन्य को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।