मोहाली। पांच दिन के भीतर ही कजौली वाटर वर्क्स की लाइन में फिर खराबी आने के कारण शुक्रवार को मोहाली और चंडीगढ़ के लोगों को पानी के लिए तरसना पड़ सकता है। विभाग ने कहा है कि शुक्रवार को सुबह नौ बजे तक फुल प्रेशर में पानी आएगा, लेकिन फिर दिन भर मरम्मत कार्य चलने से दोपहर को सप्लाई बंद रहेगी। शाम को पानी आ सकता है, लेकिन प्रेशर लो रहेगा।
वाटर सप्लाई एवं सेनिटेशन विभाग के मुताबिक, वाटर वर्क्स में रिपेयर का काम सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक चलेगा। लोगों को पानी के लिए परेशान न होना पड़े, इसलिए सुबह पांच से नौ बजे तक फुल प्रेशर में पानी मुहैया कराया जाएगा। दोपहर को 12 से दो बजे तक होने वाली पानी सप्लाई रिपेयर के चलते बंद रहेगी। शाम को यदि वाटर वर्क्स में पानी रहेगा तो शाम सात बजे से सप्लाई शुरू कर दी जाएगी, लेकिन पानी का प्रेशर लो रहेगा। यह जानकारी देते हुए वाटर सप्लाई डिपार्टमेंट ने लोगों से सहयोग की अपील की है।
मरम्मत कार्य के दौरान फेज-1 से सात और इंडस्ट्रियल एरिया एक से पांच तक पानी की सप्लाई पूरी तरह बंद रहेगी। जिन इलाकों में पानी की सप्लाई प्रभावित होगी, उनमें अधिकतर प्राइम फेज हैं। इसके अलावा एचएम क्वार्टर हैं, जहां ज्यादातर स्टूडे्ंटस और वर्किंग लोग रहते हैं।
पांच दिन के भीतर फिर हुआ फाल्ट
चंडीगढ़। अभी पांच दिन भी नहीं बीते कि कजौली वाटर वर्क्स की मेन लाइन में फिर खराबी आ गई। बीते शनिवार को कजौली वाटर वर्क्स की फेज-3 और 4 की लाइन खराब हुई थी। अब फेज-1 और 2 में खराबी आने से सिटी ब्यूटीफुल की आधी से अधिक आबादी शुक्रवार को पानी के लिए तरसेगी। नगर निगम सूत्रों के अनुसार कजौली वाटर वर्क्स के फेज-1 और 2 के कॉमन डिलीवरी हेडर और डी ज्वाइंट में लीकेज हो गया है।
दोपहर को पूरे शहर में नहीं आएगा पानी
निगम प्रवक्ता के अनुसार तड़के साढ़े तीन बजे से सुबह नौ बजे तक फुल प्रेशर में पानी की आपूर्ति होगी। दोपहर एक से दो बजे तक पूरे शहर में पानी की आपूर्ति नहीं होगी। शाम साढ़े छह बजे से रात नौ बजे तक लो प्रेशर से पानी की आपूर्ति होगी। नगर निगम ने लोगों से एडवांस में पानी स्टोर कर लेने को कहा है।
----------