चंडीगढ़। बढ़ते तापमान के साथ गर्मी अब और ज्यादा सताने लगी है। शहर में दिन के साथ-साथ रात का भी तापमान बढ़ने लगा है। मंगलवार को सुबह बादल छाये रहने के बाद दिन भर तेज धूप ने लोगों को पसीने-पसीने कर दिया।
मौसम विभाग ने मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28.1 डिग्री दर्ज किया, जबकि सोमवार का अधिकतम तापमान 40.2 और न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री दर्ज किया गया था। तड़के धूल भरी तेज हवाएं चलीं और सुबह आसमान पर बादल छाए रहे, लेकिन इसके बाद दिन भर तेज धूप खिली। तापमान बढ़ने से कामकाजी लोगों को खास दिक्कत हुई और लोग सड़कों-बाजारों में पसीना-पसीना दिखाई पड़े। रात का तापमान भी बढ़ने से लोग चैन की नींद नहीं सो पा रहे हैं। कई इलाकों में बिजली गुल होने से गर्मी का असर और बढ़ जाता है। लोगों ने मांग की है कि गर्मी को देखते हुए बिजली की कम से कम कटौती की जाए।