चंडीगढ़। शहर में बढ़ रही बिजली-पानी की किल्लत को लेकर भाजपा ने रविवार को केंद्रीय मंत्री पवन बंसल के निवास स्थान के पास प्रदर्शन किया। निवास स्थान तक पहुंचने को लेकर प्रदर्शनकारियों की पुलिस के साथ झड़प भी हुई। इस मौके पर मिट्टी के तेल, राशन का कोटा कम करने और हाउसिंग बोर्ड के लोगों को आ रहे नोटिसों के खिलाफ भी लोगों का गुस्सा फूटा। इस प्रदर्शन में ज्यादातर मौलीजागरा के लोग शामिल थे।
प्रदर्शन को पूर्व सांसद सत्यपाल जैन और पूर्व केंद्रीय मंत्री हरमोहन धवन ने संबोधित किया। पूर्व पार्षद अनिल दूबे, महासचिव रामवीर भट्टी, सतिंद्र सिंह और राजीव अवस्थी ने इन समस्याओं के लिए कांग्रेस सरकार को जिम्मेदार ठहराया। प्रदर्शनकारियों ने बंसल के निवास स्थान तक पहुंचने का प्रयास किया, लेकिन मोड़ के पास पुलिस ने रोक लिया। इस मौके पर प्रदर्शनकारी आगे बढ़ने के लिए पुलिस के साथ भी उलझे और बहस की। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय मंत्री पवन बंसल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पूर्व सांसद सत्यपाल जैन ने कहा कि पूरा शहर इस समय बिजली पानी के लिए त्राहि त्राहि कर रहा है। महासचिव राम वीर भट्टी ने कहा कि पवन बंसल के मंत्री बनने का शहर को कोई फायदा नहीं मिला है। शहर को कोई बड़ा प्रोजेक्ट नहीं मिला है।
जल्द ही बढ़ जाएगा कोटा
केंद्रीय मंत्री पवन बंसल ने कहा कि जल्द मिट्टी के तेल का कोटा पहले की तरह बढ़ जाएगा। जो तेल का कोटा 300 लीटर हो गया था अब वह फिर से 576 लीटर होने वाला है। उन्होंने कहा कि इस समय पेट्रोल, डीजल और मिट्टी के तेल का 80 प्रतिशत हिस्सा दूसरे देशों से मंगवाया जा रहा है।