चंडीगढ़। यूटी पुलिस में मचे बवाल के थमने से पहले ही महकमे में अब एक और खलबली मचाने वाली योजना को पुलिस प्रशासन ने सिरे चढ़ाने की तैयारी कर ली है। इस योजना के तहत यूटी पुलिस ने डेपुटेशन पर खाली पड़ी डीएसपी की सीटों को भरने की तैयारी की है। इस बार डेपुटेशन पर डीएसपी सिर्फ पंजाब और हरियाणा से ही नहीं बल्कि दिल्ली से भी मांगे गए हैं। इससे पहले पंजाब और हरियाणा से पांच डीएसपी डेपुटेशन पर आए हैं।
यूटी पुलिस ने तकरीबन डेढ़ साल पहले नौ डीएसपी को डेपुटेशन पर बुलाने की पहल की थी। उस वक्त पांच डीएसपी ने डेपुटेशन पर चंडीगढ़ में ज्वाइन कर लिया था। इनमें तीन डीएसपी पंजाब और दो डीएसपी हरियाणा से आए थे। बाकी बचे चार पदों के लिए पुलिस महकमे ने इस बार दोनों प्रदेशों के साथ-साथ दिल्ली से भी डीएसपी मांगे हैं।
सूत्रों का कहना है कि इस बार डेपुटेशन पर दिल्ली से डीएसपी आने की पूरी संभावना है। इस वक्त यूटी प्रशासन में 15 डीएसपी तैनात हैं। मालूम हो कि 10 जून 2010 को केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर भेजे गए एक पत्र में चंडीगढ़ पुलिस को दिल्ली, अंडमान एंड निकोबार आईलैंड, लक्षद्वीप, दमन-दीव और दादर-नागर हवेली पुलिस सर्विसेज से जोड़ने को कहा गया था। सूत्रों के मुताबिक यूटी प्रशासन ने केंद्रीय गृह मंत्रालय के साथ हुए पत्राचार के तहत फिर कैडर रिव्यू की प्रक्रिया को शुरू कर दिया है। इस प्रक्रिया में वक्त लग सकता है इसलिए इस बार डेपुटेशन के दायरे को बड़ा किए जाने की संभावना है।
हरियाणा सरकार ने भेजा एएसपी का पैनल
आईआरबी में खाली पड़े दो एएसपी के पदों के लिए हरियाणा सरकार ने प्रशासन को पैनल भेज दिया है। उम्मीद है कि जल्द ही दोनों अधिकारी ज्वाइन कर लेंगे।