Hindi News ›   Bihar ›   Speeding Government Bus Claims Life of Cloth Merchant Public Outrage Erupts

Bihar: तेज रफ्तार सरकारी बस ने ली कपड़ा कारोबारी की जान; हादसे के बाद भड़का गुस्सा, बस में की गई तोड़फोड़

Mon, 20 Apr 2026 07:29 AM IST
पटना ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना Published by: पटना ब्यूरो Updated Mon, 20 Apr 2026 07:29 AM IST
सार

नालंदा के सोहसराय में तेज रफ्तार सरकारी बस की टक्कर से कपड़ा कारोबारी अजीत कुमार की मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने बस में तोड़फोड़ कर दी, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बस को जब्त कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी चालक की तलाश जारी है।

Speeding Government Bus Claims Life of Cloth Merchant Public Outrage Erupts
अनियंत्रित सरकारी बस से टक्कर में बाइक सवार की जान चली गई - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

विस्तार

    नालंदा जिले के सोहसराय थाना इलाके में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में कपड़ा कारोबारी की मौत हो गई। एनएच-20 बख्तियारपुर-रजौली फोरलेन पर तेज रफ्तार और अनियंत्रित सरकारी बस ने बाइक सवार व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।


    स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत बिहार शरीफ सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 45 वर्षीय अजीत कुमार के रूप में हुई है, जो सोहसराय में कपड़े का व्यवसाय करते थे और परिवार के साथ किराए के मकान में रहते थे।

    विज्ञापन

    तगादा कर लौटते समय हुआ हादसा
    परिजनों के अनुसार, अजीत कुमार रविवार को कारोबार के सिलसिले में छबीलापुर गए थे। वहां से वापस लौटते समय जैसे ही वे सड़क पार करने लगे, उसी दौरान पटना से बिहार शरीफ की ओर आ रही तेज रफ्तार सरकारी बस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक बस के पहियों में फंस गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
    विज्ञापन

    परिजनों में मची चीख-पुकार
    मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों के बीच चीख-पुकार मच गई। अजीत कुमार अपने पीछे पत्नी, एक बेटा, दो बेटियां और मां सहित पूरा परिवार छोड़ गए हैं। इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

    हादसे के बाद भड़का आक्रोश
    घटना के बाद मौके पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और आक्रोशित भीड़ ने सरकारी बस में तोड़फोड़ कर दी। हादसे के तुरंत बाद बस चालक मौके से फरार हो गया, जबकि बस में सवार यात्री भी वाहन छोड़कर अपने-अपने गंतव्य की ओर चले गए।

    ये भी पढ़ें- इलाज न मिलने से मौत: 24 घंटे खुले में पड़ा रहा UP के इम्तियाज का शव, सरकारी अस्पताल और पुलिस ने झाड़ा पल्ला

    सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बस को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बस नंबर के आधार पर फरार चालक की पहचान की जा रही है और परिजनों की शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
    विज्ञापन

    Followed