Hindi News ›   Bihar ›   Middle-aged man dies in road accident, accident happened before meeting in-laws Nalanda

Bihar: नालंदा में समधी मिलन से पहले ही टूटी सांसों की डोर, सड़क हादसे में पिता की मौत से शादी की खुशियां मातम

Wed, 29 Apr 2026 11:09 AM IST
पटना ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जहानाबाद
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जहानाबाद Published by: पटना ब्यूरो Updated Wed, 29 Apr 2026 11:09 AM IST
सार

Bihar: नालंदा के नूरसराय थाना क्षेत्र में बेटी की शादी के दौरान समधी मिलन के लिए घर से निकले पिता आरजू पासवान की तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों ने बेटी की शादी प्रभावित न हो, इसलिए मौत की खबर छुपाकर सभी रस्में पूरी कराईं और विदाई के बाद घटना सार्वजनिक हुई। 

Middle-aged man dies in road accident, accident happened before meeting in-laws Nalanda
मृतक - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

    नियति का क्रूर खेल किसे कहते हैं, इसका हृदय विदारक उदाहरण मंगलवार की रात नूरसराय थाना क्षेत्र के चरुईपर गांव में देखने को मिला। जहां एक ओर घर के आंगन में शहनाइयां गूंज रही थीं और बेटी की विदाई की तैयारियां चल रही थीं, वहीं एक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को ताउम्र के मातम में बदल दिया। समधी मिलन की रस्म निभाने घर से बाहर निकले दुल्हन के पिता को एक बेकाबू स्कॉर्पियो ने अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान चरुईपर निवासी स्वर्गीय सकलदीप पासवान के 45 वर्षीय पुत्र आरजू पासवान के रूप में हुई है।

    शादी की खुशियों के बीच दर्दनाक हादसा

    विज्ञापन
    घटना के संबंध में बताया जाता है कि आरजू पासवान की छोटी बेटी की शादी थी और बारात शेखपुरा जिले के बरबीघा थाना क्षेत्र के मई गांव से आई थी। बारात गाजे-बाजे के साथ दरवाजे तक पहुंच चुकी थी और चारों तरफ उल्लास का माहौल था। रस्म के मुताबिक, आरजू पासवान अपने समधी से गले मिलने और उनका स्वागत करने के लिए घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान बिहटा-सरमेरा टू-लेन सड़क पार करते समय तेज रफ्तार से आ रही एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आरजू पासवान सड़क पर काफी दूर जाकर गिरे और लहूलुहान हो गए। आनन-फानन में परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

    विज्ञापन

    बेटी की शादी के लिए छुपाई गई मौत की खबर

    इस भयावह हादसे के बाद घर में कोहराम मच गया, लेकिन परिवार के बुजुर्गों ने अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय दिया। बेटी के भविष्य और शादी के मांगलिक कार्यों में बाधा न आए, इसके लिए मौत की खबर को दुल्हन और घर की महिलाओं से पूरी तरह गुप्त रखा गया। पिता की मौत के साये के बीच, भारी मन से परिजनों ने शादी की रस्में पूरी करवाईं। जैसे ही बुधवार की सुबह बेटी की विदाई हुई, वैसे ही यह दुखद खबर सार्वजनिक कर दी गई। खबर मिलते ही पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया और खुशियों वाला घर चीख-पुकार से गूंज उठा।

    ये भी पढ़ें: कक्षा में पढ़ाने वाला बना ‘प्रेमी’; छात्रा संग फरार शिक्षक, पत्नी ने खोला चौंकाने वाला राज!

    पुलिस जांच में जुटी, आरोपी वाहन की तलाश जारी
    इधर, घटना की सूचना मिलते ही नूरसराय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेजा। थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटनास्थल से क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो का टूटा हुआ नंबर प्लेट बरामद किया है। इस सुराग के आधार पर फरार वाहन और चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि परिजनों से आवेदन प्राप्त होते ही मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

    विज्ञापन

    Followed