Hindi News ›   Bihar ›   Vaishali girl shot in love affair boyfriend girlfriend case bihar news

Murder Mystery: प्रेमिका को गोली मारने के बाद आत्महत्या, मगर खोखा मिला न हथियार; बिहार पुलिस इसे क्या मानेगी?

Sat, 25 Apr 2026 07:35 AM IST
तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वैशाली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वैशाली Published by: तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो Updated Sat, 25 Apr 2026 07:35 AM IST
सार

Bihar: वैशाली में प्रेम प्रसंग से जुड़ी एक दर्दनाक घटना में युवक ने कथित रूप से पहले अपनी प्रेमिका को गोली मार दी और फिर आत्महत्या कर ली। युवती गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में भर्ती है। हालांकि घटनास्थल से हथियार और खोखे न मिलने से मामला संदिग्ध हो गया है, जिससे पुलिस की जांच पर सवाल उठ रहे हैं।

Vaishali girl shot in love affair boyfriend girlfriend case bihar news
गोली लगने से घायल युवती - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

    वैशाली जिले में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने घर में घुसकर पहले अपनी प्रेमिका को गोली मारी और फिर खुद को भी गोली मार ली। इस घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज पटना के पीएमसीएच में चल रहा है। मृतक की पहचान पंकज सहनी (24) के रूप में हुई है।



    5 साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग
    पुलिस के अनुसार, भगवानपुर थाना क्षेत्र के इमादपुर गांव निवासी पंकज सहनी और युवती के बीच पिछले लगभग 5 वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों के घर एक-दूसरे से करीब 300 मीटर की दूरी पर स्थित हैं। दोनों की पहली मुलाकात सोशल मीडिया पर हुई थी। इसके बाद चैटिंग के जरिए बातचीत शुरू हुई। शुरुआत सामान्य बातचीत से हुई, लेकिन धीरे-धीरे दोनों करीब आते गए। कुछ समय बाद दोनों ने एक-दूसरे के मोबाइल नंबर भी साझा किए और फिर फोन पर घंटों बातचीत होने लगी। रात देर तक बातें करना और दिनभर मैसेज पर संपर्क में रहना उनकी दिनचर्या का हिस्सा बन गया था।

    विज्ञापन

    2 साल बाद परिवार को हुई जानकारी
    पुलिस जांच में सामने आया है कि शुरुआती दो वर्षों तक यह संबंध परिवार की जानकारी से बाहर रहा और बिना किसी विवाद के चलता रहा। जब परिवार वालों को इस रिश्ते की जानकारी हुई तो उन्होंने इसका विरोध किया और दोनों को मिलने-जुलने से मना कर दिया। इसके बावजूद पंकज कई बार युवती से संपर्क करने की कोशिश करता रहा। वह कई बार जबरन युवती के घर में घुसने की कोशिश भी कर चुका था, जिस पर विवाद हुआ था। बताया जाता है कि एक बार युवती के पिता ने उसे पकड़कर फटकार लगाई थी। ग्रामीणों के अनुसार, उस दौरान उसकी पिटाई भी हुई थी, जिससे वह नाराज था और उसने धमकी भी दी थी।
    विज्ञापन

    शादी तय होने के बाद बढ़ा तनाव
    ग्रामीणों के अनुसार, परिवार के विरोध के बाद दोनों के बीच कुछ समय के लिए बातचीत बंद हो गई थी। लगभग 6 महीने तक वे सीधे संपर्क में नहीं थे। इस दौरान पंकज के परिवार ने दोनों की शादी की बात की, लेकिन युवती के परिवार ने साफ इनकार कर दिया। इसके बाद युवती के परिजनों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी। फरवरी 2026 में युवती की शादी वैशाली के ही रहने वाले उमेश से तय कर दी गई थी और दोनों का छेका भी हो गया था। शादी मई में होनी थी।
    शादी तय होने के बाद पंकज ने कई बार  के घर जाकर शादी रोकने की धमकी दी थी। परिजनों का कहना है कि उसने यह भी धमकी दी थी कि अगर युवती की शादी कहीं और की गई तो वह उसे जान से मार देगा।



    घटना कैसे हुई? 
    गोली लगने से घायल युवती ने बताया कि गुरुवार की शाम वह अपनी छोटी बहन के साथ घर पर थी। उसके पिता किसी काम से बाहर गए थे और मां अपने मायके गई हुई थीं। इसी दौरान पंकज को गांव के कुछ लोगों से जानकारी मिली कि घर पर केवल लड़कियां मौजूद हैं। इसके बाद वह शाम करीब 7 बजे घर में घुस आया और नाम लेकर आवाज लगाने लगा। युवती के अनुसार, जब वह उसके पास गई तो उसने बंदूक दिखाते हुए कहा कि घर में रखे 4 लाख रुपये उसे दे दे। जब उसने पैसे देने से मना किया तो उसने फायरिंग कर दी। पहली गोली उसके बांह के पास से निकल गई, जबकि दूसरी गोली उसकी पीठ में लगी। गोली लगते ही वह गिर गई और बेहोश हो गई।

    'लूट के इरादे से आया था'
    वहीं इस पूरी घटना पर युवती के पिता उपेंद्र सहनी ने पुलिस को बताया कि घर में शादी के लिए लगभग 4 लाख रुपये रखे थे, जिसकी जानकारी पंकज को थी। उनका आरोप है कि पंकज लूट के इरादे से घर में घुसा था और विरोध करने पर उसने बेटी को गोली मार दी। उन्होंने प्रेम प्रसंग की बात से इनकार किया और कहा कि पंकज आपराधिक प्रवृत्ति का था तथा पहले भी लूट और चोरी के मामलों में जेल जा चुका था। वह हाल ही में जेल से बाहर आया था।

    मृतक के पिता का अलग आरोप
    वहीं, मृतक पंकज के पिता फेकन सहनी ने आरोप लगाया कि उपेंद्र सहनी ने अपनी बेटी के जरिए उनके बेटे को घर बुलाया और फिर गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि घटना के समय वे खेत में काम कर रहे थे और शोर सुनकर मौके पर पहुंचे, जहां उन्हें बेटे की मौत की जानकारी मिली।

    हथियार और खोखा नहीं मिलने से सवाल
    घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि यदि पंकज ने पहले युवती को गोली मारी और फिर खुद को गोली मारकर आत्महत्या की, तो घटनास्थल से हथियार गायब कैसे हो गया? पुलिस को मौके से कोई हथियार नहीं मिला। इतना ही नहीं, जहां गोली चलने की बात कही जा रही है, वहां से कोई खाली खोखा भी बरामद नहीं हुआ। हालांकि एक जिंदा कारतूस मिलने की बात सामने आई है। जिस कमरे में गोली चलने की घटना बताई जा रही है, वहां भी खोखा नहीं मिला है, जिससे जांच पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

    ये भी पढ़ें:  ड्यूटी भी और इंसानियत भी, दरभंगा जंक्शन पर गूंजी नन्ही किलकारी, पुलिस ने मसीहा बनकर कराया सुरक्षित प्रसव

    पुलिस का बयान
    एसपी विक्रम सिंह ने बताया कि यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है। युवक ने पहले युवती को गोली मारी और फिर खुद को गोली मार ली। घटनास्थल से एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की जांच की जा रही है। युवक का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।

    विज्ञापन

    Followed