Hindi News ›   Bihar ›   samastipur BPSC Teacher fan hanging suicide

Bihar News: पत्नी को तलाक देने के लिए दबाव डालती थी गर्लफ्रेंड, BPSC टीचर ने कर ली आत्महत्या

Fri, 03 Apr 2026 04:54 PM IST
दरभंगा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, समस्तीपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, समस्तीपुर Published by: दरभंगा ब्यूरो Updated Fri, 03 Apr 2026 04:54 PM IST
सार

Bihar News: समस्तीपुर में एक शिक्षक की आत्महत्या के पीछे प्रेम संबंध और पारिवारिक तनाव की कहानी सामने आई है। पत्नी और गर्लफ्रेंड के बीच चल रहे विवाद और तलाक के दबाव से वह काफी परेशान था। आखिरकार इसी तनाव ने उसे इतना तोड़ दिया कि उसने अपनी जिंदगी खत्म कर ली।

samastipur BPSC Teacher fan hanging suicide
पत्नी के साथ मृतक शिक्षक
विज्ञापन

विस्तार

    समस्तीपुर में गर्लफ्रेंड की प्रताड़ना से परेशान एक BPSC शिक्षक ने आत्महत्या कर ली। उनका शव कमरे में पंखे से लटका हुआ मिला। बताया जा रहा है कि शिक्षक शादीशुदा थे, लेकिन उनकी एक गर्लफ्रेंड भी थी, जो पत्नी से तलाक लेने के लिए दबाव बना रही थी।



    तरुण कुमार के रूप में हुई मृतक की पहचान
    घटना मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के हरपुर एलोथ स्थित वस्तु विहार कॉलोनी की है। मृतक की पहचान 32 वर्षीय तरुण कुमार के रूप में हुई है, जो वैशाली जिले के परमानंदपुर गांव के निवासी थे। उनकी पोस्टिंग अपग्रेड मिडिल स्कूल, रामपुर केशोपट्टी में थी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

    विज्ञापन

    परिजनों ने गर्लफ्रेंड पर लगाया आरोप
    मृतक के पिता अभिनव कुमार ने बताया कि उनका बेटा शादीशुदा था और उसका एक बच्चा भी है। शादी के बाद बेटे और बहू दोनों की नौकरी लग गई थी। तरुण पहले मुजफ्फरपुर के बालक पट शर्मा अपग्रेड मिडिल स्कूल में कार्यरत था, जबकि बहू रहिमा अपग्रेड मिडिल स्कूल, रामपुर केशोपट्टी में कार्यरत थीं। इसी दौरान तरुण की नालंदा निवासी एक शिक्षिका से दोस्ती हो गई। जब इसकी जानकारी परिवार को मिली, तो दोनों को समझा-बुझाकर अलग रहने के लिए राजी किया गया। इसके बावजूद उक्त शिक्षिका तरुण को परेशान करती रही। परिवार ने लड़की के परिजनों को भी इसकी जानकारी दी, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला।

    विज्ञापन

    पत्नी को तलाक देने का दबाव बना रही थी गर्लफ्रेंड
    पिछले साल तरुण ने म्यूचुअल ट्रांसफर लेकर केशोपट्टी में पोस्टिंग ली और पति-पत्नी साथ रहने लगे। इसके बाद भी कथित गर्लफ्रेंड उसे परेशान करती रही। पिता के अनुसार, शिक्षिका के दबाव के कारण तरुण उसे साथ रखने के लिए राजी हो गया और वह फ्लैट पर आने-जाने लगी। इसी दौरान वह पत्नी को तलाक देने के लिए दबाव बनाने लगी, जिससे तरुण मानसिक रूप से काफी परेशान हो गया था।


    फोन कॉल के बाद शिक्षक ने की आत्महत्या
    बताया जा रहा है कि गुरुवार की रात भी उस महिला का फोन आया था। उससे बातचीत के बाद तरुण ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर बहू ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग जुटे और पुलिस को सूचना दी गई। दरवाजा तोड़कर जब परिजन अंदर पहुंचे, तब तक तरुण की मौत हो चुकी थी।

    ये भी पढ़ें: दरभंगा में दो करोड़ की ज्वेलरी लूटी; दिनदहाड़े चार अपराधियों ने दिया घटना को अंजाम

    पुलिस को लिखित आवेदन का इंतजार
    एएसपी संजय पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का है। परिवार के लोगों ने एक महिला शिक्षक द्वारा प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाया है। हालांकि अभी तक इस संबंध में कोई लिखित आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

    विज्ञापन

    Followed