बिहार के सारण जिले के एकमा थाना क्षेत्र के परसागढ़ स्थित दीपेश्वर बाल ज्ञान निकेतन स्कूल में 10वीं की छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। अब तक इस मामले में कुल छह गिरफ्तारी हो चुकी है। एसडीपीओ अजय कुमार सिंह ने बताया कि छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म मामले में कुल 19 आरोपित हैं, जिसमें से पहले दिन चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। शनिवार को दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
इससे पहले पुलिस ने प्रिंसिपल, एक शिक्षक और दो छात्रों को गिरफ्तार किया था। पीड़ित छात्रा के बयान पर प्रिंसिपल, दो शिक्षक और 15 छात्रों पर नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना की पुष्टि करते हुए एसपी हरकिशोर राय ने बताया कि प्रिंसिपल छात्रा के साथ पिछले सात महीने से दुष्कर्म कर रहा था। शुक्रवार की सुबह पीड़ित छात्रा ने महिला थाने में मामला दर्ज कराया।
शिक्षा के मंदिर में प्रिंसिपल, शिक्षकों और छात्रों ने हैवानियत की हद पार कर देने वाली इस घिनौनी घटना को अंजाम दिया। इसने शिक्षा के मंदिर को कलंकित कर दिया है। इस दुराचार की घटना को सुनकर इलाके के लोग पूरी तरह से स्तब्ध हैं। स्कूल को बंद कर अन्य शिक्षक और कर्मचारी फरार हो गये हैं। घटना के कारण लोगों में शिक्षकों के प्रति भारी आक्रोश है।