न्यूयॉर्क के नए मेयर जोहरान ममदानी ने बुधवार को अपनी संक्रमण टीम की घोषणा की, जिसमें अनुभवी अधिकारी शामिल हैं। इस दौरान ममदानी ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को कड़ा संदेश भी दिया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि वॉल्यूम बढ़ाओ, अगर कोई दिखा सकता है कि ट्रंप ने देश को धोखा दिया, तो वह है न्यूयॉर्क।
न्यूयॉर्क सिटी के नए मेयर जोहरान ममदानी ने ऐतिहासिक जीत के बाद बुधवार को अपनी संक्रमण टीम की घोषणा की। इस टीम में शहर के कई अनुभवी अधिकारी शामिल किए गए हैं, जो ममदानी को चुनावी वादों को अमल में लाने में मदद करेंगे। डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट ममदानी ने जीत के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि आने वाले महीनों में हम ऐसा सिटी हॉल बनाएंगे जो इस अभियान के वादों को पूरा कर सके, एक ऐसी प्रशासनिक टीम जो ईमानदार, संवेदनशील और मेहनती होगी।
बता दें कि ममदानी की टीम में दो पूर्व डिप्टी मेयर मारिया टोरेस-स्प्रिंगर और मेलानी हार्टजोग, पूर्व फेडरल ट्रेड कमीशन प्रमुख लीना खान और यूनाइटेड वे ऑफ न्यूयॉर्क सिटी की प्रमुख ग्रेस बोनीला शामिल हैं। राजनीतिक रणनीतिकार एलेना लियोपोल्ड इस टीम की कार्यकारी निदेशक होंगी।
उनके प्रमुख चुनावी वादों में मुफ्त बाल देखभाल, फ्री बस सेवा, शहर द्वारा संचालित किराना स्टोर और एक नया कम्युनिटी सेफ्टी विभाग बनाना शामिल है, जो मानसिक स्वास्थ्य संकट के मामलों में पुलिस की जगह स्वास्थ्यकर्मियों को भेजेगा।
ममदानी ने साफ किया कि वे मौजूदा पुलिस आयुक्त जेसिका टिश को उनके पद पर बनाए रखना चाहते हैं, हालांकि टिश ने अब तक इस पर सहमति नहीं दी है। उन्होंने कहा कि हम किसी भी व्यक्ति पर विचार करने को तैयार हैं जो इस शहर को ज्यादा किफायती और सुरक्षित बनाने के हमारे लक्ष्य में साथ देना चाहता हो।
ट्रंप को ममदानी ने दिया कड़ा संदेश