बांग्लादेश की सरकारी समाचार एजेंसी के अनुसार, बांग्लादेश ने पाकिस्तान से 1971 के मुद्दों को सुलझाने के लिए कहा है ताकि ढाका को इस्लामाबाद के साथ अपने संबंधों को 'हमेशा के लिए' आगे बढ़ाने में मदद मिल सके। बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सार्क के पुनरुद्धार पर भी चर्चा की और ढाका और इस्लामाबाद के बीच रणनीतिक संबंधों का आह्वान किया।
मुलाकात के बाद शहबाज शरीफ का ट्वीट
मोहम्मद यूनुस और शहबाज शरीफ ने शुक्रवार को काहिरा में डी-8 शिखर सम्मेलन के दौरान मुलाकात की, इस दौरान दोनों नेताओं ने व्यापार, वाणिज्य और खेल और सांस्कृतिक प्रतिनिधिमंडलों के आदान-प्रदान को बढ़ाकर संबंधों को मजबूत करने पर सहमति व्यक्त की।
1971 के मुद्दों को सुलझाने को लेकर की गई चर्चा
बीएसएस के अनुसार, इस बातचीत के दौरान मोहम्मद यूनुस ने शहबाज शरीफ से 1971 के मुद्दों को सुलझाने का आग्रह किया ताकि ढाका को इस्लामाबाद के साथ अपने संबंधों को आगे बढ़ाने में मदद मिल सके और कहा, 'ये मुद्दे बार-बार आते रहे हैं। आइए हम उन मुद्दों को सुलझा लें ताकि हम आगे बढ़ सकें। वहीं शहबाज शरीफ ने कहा कि बांग्लादेश, पाकिस्तान और भारत को शामिल करने वाले 1974 के त्रिपक्षीय समझौते ने मामले सुलझा लिए हैं, 'लेकिन अगर कोई अन्य लंबित मुद्दे हैं,' तो उन्हें उन पर विचार करने में खुशी होगी। यूनुस ने कहा कि 'भविष्य की पीढ़ियों के लिए एक बार और हमेशा के लिए' चीजों को सुलझाना अच्छा होगा।
भारत, बांग्लादेश और पाकिस्तान ने 1971 के मुक्ति संग्राम के बाद 9 अप्रैल, 1974 को नई दिल्ली में त्रिपक्षीय समझौते पर हस्ताक्षर किए। इसमें दिसंबर 1971 से भारतीय शिविरों में बंद पाकिस्तानी युद्धबंदियों की वापसी और दोनों देशों में फंसे लोगों के पुनर्वास से संबंधित बातें शामिल थीं।
सार्क के पुनरुद्धार पर भी दोनों नेताओं ने की चर्चा
काहिरा में बैठक दौरान मोहम्मद यूनुस और शहबाज शरीफ ने दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन, सार्क के पुनरुद्धार पर भी चर्चा की। शरीफ ने यूनुस से क्षेत्रीय निकाय के शिखर सम्मेलन के आयोजन की संभावना पर काम करने का आग्रह किया। ढाका और इस्लामाबाद के बीच रणनीतिक संबंधों का आह्वान करते हुए शरीफ ने कहा- 'हम अपने भाई बांग्लादेश के साथ अपने संबंधों को मजबूत करने के लिए वास्तव में उत्सुक हैं।'
शरीफ ने यूनुस को पाकिस्तान आने का दिया निमंत्रण
पाकिस्तान के सरकारी अखबार एसोसिएटेड प्रेस ऑफ पाकिस्तान (एपीपी) ने प्रधानमंत्री कार्यालय की एक प्रेस विज्ञप्ति का हवाला देते हुए कहा कि शरीफ ने यूनुस को पाकिस्तान आने का निमंत्रण दिया और पाकिस्तानी यात्रियों के लिए बांग्लादेश में हवाई यात्रा को आसान बनाने के लिए भी उनका आभार व्यक्त किया। कराची से पहला सीधा मालवाहक जहाज नवंबर के मध्य में बांग्लादेश के चटगांव बंदरगाह पर पहुंचा, जिसके बारे में अधिकारियों ने कहा कि यह द्विपक्षीय व्यापार में एक बड़ा कदम है, जबकि बांग्लादेश ने पहले ही पाकिस्तान से और पाकिस्तान के लिए सीधी उड़ानें फिर से शुरू करने की घोषणा की है।