यूरोप में पेट्रोल-डीजल वाहनों पर प्रतिबंध...2035 से होगा लागू
यूरोपीय संसद ने पेट्रोल और डीजल के वाहनों पर प्रतिबंध की घोषणा की। यह प्रतिबंध 12 वर्ष बाद यानी साल 2035 से प्रभावी होगा। जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों और इलेक्ट्रिक वाहनों को प्रोत्साहित करने के लिए यह महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।
जर्मनी का आखिरी परमाणु ऊर्जा संयंत्र बंद
जर्मनी ने करीब 60 साल बाद अपना आखिरी परमाणु ऊर्जा संयंत्र बंद कर दिया। वर्ष 2011 में जापान में भूकंप के बाद उठी विनाशकारी सुनामी लहरों की चपेट में आने से फुकुशिमा परमाणु ऊर्जा संयंत्र को भारी नुकसान हुआ था। संयंत्र से विकिरण रिसाव के चलते आस-पास के इलाके को खाली करवाना पड़ा था। इस हादसे को देखते हुए जर्मनी ने अपने परमाणु ऊर्जा संयंत्र बंद करने की घोषणा की थी। सभी 19 संयंत्र बंद करके उसने बाकी देशों को भी ऐसा ही करने के लिए प्रेरित किया।
नाटो की रूस से लगी सीमा हुई दोगुनी
रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच फिनलैंड नाटो का 31वां सदस्य बना। चार अप्रैल को इसकी घोषणा होने के साथ ही नाटो की रूस के साथ लगती सीमा की लंबाई दोगुनी हो गई। फिनलैंड की 1,340 किमी लंबी पूर्वी सीमा रूस से लगती है। यूक्रेन युद्ध के बीच इसे रूस के लिए बड़ा झटका माना गया, क्योंकि उसने फिनलैंड का उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) में शामिल होना अपने हितों के खिलाफ बताया। नाटो एक सैन्य संगठन है। इसके सदस्य देशों पर कोई हमला करे, तो बाकी सदस्य देश भी हमले का मिलकर जवाब देते हैं।
सोचा और चल पड़ा लकवा पीड़ित
लकवे के असर से चलने-फिरने में असमर्थ व्यक्ति को दिमाग और रीढ़ में इंप्लांट लगाकर उसे फिर से चलने की क्षमता दी गई। साइंस पत्रिका में प्रकाशित शोध में बताया गया कि इन इंप्लांट को आर्टिफिशिएल इंटेलिजेंस (एआई) के जरिये दिमाग के इलेक्ट्रॉनिक सिग्नल पढ़ने योग्य बनाया गया। वे दिमाग में आए विचार के अनुसार प्रतिक्रिया कर सकते हैं और वे व्यक्ति को चलने में मदद करते हैं।
सिंथेटिक सृष्टि...बिना स्पर्म का मानव भ्रूण
ब्रिटेन में वैज्ञानिकों ने स्टेम सेल की मदद से मानव का सिंथेटिक भ्रूण तैयार करने का दावा किया। बताया कि इसके लिए स्पर्म या अंडों की जरूरत नहीं पड़ी। यह सिंथेटिक भ्रूण मानव के प्राकृतिक भ्रूण के शुरुआती रूप से काफी मिलता-जुलता था। इसके जरिये अनुवांशिक कमियों को दूर करने में मदद मिलने का दावा भी किया गया। हालांकि ऐसे प्रयोग पर नैतिक और कानूनी सवाल भी उठे। इसे प्रयोगशाला में मानव बनाने पर रोक के कानून के खिलाफ करार दिया गया।
1,320 करोड़ साल पुराना ब्लैक होल मिला
नासा की चंद्रा एक्स-रे वेधशाला और जेम्स वेब अंतरिक्ष दूरबीन ने हमारे ब्रह्मांड में अब तक ज्ञात सबसे पुराने ब्लैक होल की खोज की। यह जीएन-जेड11 नामक गैलेक्सी में है। इसे 1,320 करोड़ साल पुराना माना गया। यानी यह बिग बैंग ब्रह्मांड की शुरुआत के 44 करोड़ साल बाद अस्तित्व में आ गया था। अनुमान है कि इसका द्रव्यमान हमारे सूर्य जैसे 16 लाख सूर्य जितना है।
जमीन के भीतर से निकाली चट्टान
मध्य अंध महासागर में टेक्टॉनिक प्लेटों में हलचल हुई तो मोहो नामक क्षेत्र में पृथ्वी की मेंटल परत कुछ ऊपर खिसक आई। मोहो क्षेत्र आमतौर पर धरती से 35 किमी और समुद्र तल से 7 किमी गहराई पर मिलता है। मोहो ऐसा संक्रमण क्षेत्र है, जहां पर दो परतों की विशेषताएं एकसाथ पाई जाती हैं। वैज्ञानिकों ने इस मौके का फायदा उठाकर खोदाई-जलपोत की मदद से मेंटल परत से कुछ चट्टानें हासिल कीं। इससे समझने में मदद मिलेगी कि पृथ्वी किस तरह से बनी है और भविष्य में धरती के नीचे से कौन से खतरे पैदा हो सकते हैं?
सबसे गर्म रहे 12 महीने 1.30 अधिक रहा तापमान
नवंबर 2022 से अक्तूबर 2023 के बीच के 12 महीने इतिहास के सबसे गर्म महीने करार दिए गए। इस दौरान तापमान 1.3 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज हुआ। वहीं, इस साल नवंबर में सतह के पास की हवा का औसत वैश्विक तापमान 14.2 डिग्री रहा, जो औद्योगिक काल
(1850-1900) की तुलना में करीब 1.75 डिग्री अधिक था।
मीथेन से रॉकेट को पहुंचाया अंतरिक्ष में
चीनी प्राइवेट कंपनी लैंडस्केप ने पहली बार मीथेन का उपयोग कर रॉकेट जूक-2 को अंतरिक्ष में पहुंचाया। एक ग्रीन हाउस गैस को ईंधन के रूप में उपयोग करने के लिए इस तरीके की दुनियाभर में सराहना हुई। इस कदम ने अगली पीढ़ी के लॉन्च व्हीकल्स को अंतरिक्ष में भेजने में अमेरिकी प्रतिद्वंद्वी स्पेसएक्स को पीछे छोड़ दिया है।
चूहों की त्वचा की कोशिकाओं से जन्मा चूहा
जापान के ओसाका विश्वविद्यालय में वैज्ञानिकों ने दो नर चूहों की कोशिकाओं से जीवित चूहे को जन्म देने में सफलता पाई। नेचर पत्रिका में इसे लेकर लिखा गया कि चूहों की पूंछ से ली गई त्वचा की कोशिकाओं से अंडे तैयार किए गए। इन्हें मादा चूहे में इंप्लांट किया गया और जीवित चूहे तैयार हुए। इसका फायदा तेजी से खत्म हो रहे जीवों के संरक्षण में मिलेगा।
एआई ने पढ़ा प्राचीन रोमन पत्र का लेख
कंप्यूटर साइंस के विद्यार्थियों के लिए बने एआई मॉडल ने करीब दो हजार साल पुराने रोमन पत्र के लेख को पढ़ने में सफलता पाई। यह पत्र 79 ईस्वी में माउंट विसूवियस के ज्वालामुखी विस्फोट की राख में दफन होकर संरक्षित रह गया था।
ब्राजील के संविधान का अपनी भाषा में अनुवाद
ब्राजील ने अपने संविधान का अपनी भाषा नीनगातू में अनुवाद किया। यह अमेजन क्षेत्र में सबसे ज्यादा बोली जाने वाली भाषा है। जुलाई में इस भाषा में संविधान का विमोचन हुआ। इसे भाषा और देश की संस्कृति के संरक्षण के लिए अहम कदम माना जा रहा है।
जापान की 10 प्रतिशत आबादी 80 पार
उगते सूर्य का देश जापान अब बूढ़ा होता जा रहा है। 12.5 करोड़ आबादी वाले जापान में दुनिया के सबसे ज्यादा बुजुर्ग रहते हैं। इस साल जून में जापान की कुल आबादी का 10 प्रतिशत 80 वर्ष से अधिक उम्र का हो गया। साल 1899 के मुकाबले 2022 में सबसे कम जन्म दर होने का भी खुलासा हुआ।
नई गर्भनिरोधक गोलियों को अनुमति
अमेरिकी खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने बिना डॉक्टरी सिफारिश के ली जाने वाली गर्भनिरोधक गोलियों ओपिल को प्रमाणित कर दिया। इन्हें साल 2024 से आम स्टोर्स में उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही गर्भावस्था के बाद होने वाले अवसाद से महिलाओं को उबारने के लिए नई जुर्जुवे (जुरानोलोन) दवा भी जारी की गई।
बादलों में पहुंच गया प्लास्टिक
जापान में वासेदा विश्वविद्यालय के अध्ययनकर्ताओं ने दावा किया कि बादलों में माइक्रोप्लास्टिक पहुंच चुका है। इसका असर पृथ्वी की जलवायु पर भी हो सकता है। यह माइक्रोप्लास्टिक जापान के लोकप्रिय माउंट फूजी पर मौजूद बादलों में पाया गया। अनुमान हैं समुद्र में फैले प्लास्टिक से यह बादलों में आया। इसने दुनियाभर की चिंता बढ़ा दी है।
हर महासागरीय बेसिन में तूफान
मौसम के दर्ज इतिहास में पहली बार हर महासागरीय बेसिन में श्रेणी 5 के तूफान आए। इस श्रेणी के तूफान में हवा की रफ्तार कम से कम 252 किमी प्रति घंटा होती है। महासागरों के सातों बेसिन में उनका दर्ज होना पृथ्वी के बढ़ते तापमान का सबसे बड़ा दुष्प्रभाव माना गया। आने वाले वर्षों में इनकी आवृत्ति बढ़ने का भी दावा किया गया।
युआन का उपयोग डॉलर से ज्यादा
ब्राजील और चीन ने आपसी कारोबार में डॉलर की जगह अपनी-अपनी मुद्राओं का उपयोग करने का समझौता किया। विभिन्न देशों में आपसी अंतरराष्ट्रीय कारोबार में भुगतान के लिए अमेरिकी डॉलर सबसे लोकप्रिय माध्यम रहा है, पर मार्च 2023 में पहली बार चीनी मुद्रा युआन ने इस मामले में डॉलर को पीछे छोड़ दिया। इसे चीन के अंतरराष्ट्रीय कारोबार में बढ़ते प्रभुत्व का अहम संकेत माना जा रहा है।
अंटार्कटिका में बर्ड फ्लू
अस्तित्व पर संकट...अंटार्कटिका में रहने वाले पक्षियों और सील की आबादी में बर्ड फ्लू वायरस मिला। अक्तूबर में दर्ज हुई इसकी मौजूदगी को बेहद खतरनाक और घातक माना जा रहा है। इसकी वजह से कई प्रजातियों के अस्तित्व पर संकट आ सकता है।
वेटिकन में महिलाओं को मिला मताधिकार
वेटिकन में 300 बिशप की सभा में ईसाई धर्म ने पहली बार महिलाओं को शामिल किया। उन्हें साइनॉड (पादरियों की धर्म सभा) में वोट देने का अधिकार भी मिला। यह कैथोलिक महिलाएं नन हैं या धर्म की शिक्षा में अपारंगत, लेकिन सेवा कार्य से जुड़ी हैं। सभा में महिलाओं को चर्च में ज्यादा अहम भूमिकाएं देने पर भी विमर्श हुआ।
वर्जिन गैलेक्टिक की पहली अंतरिक्ष पर्यटन उड़ान
अगस्त को अंतरिक्ष पर्यटन के लिए वर्जिन गैलेक्टिक ने पहली बार तीन लोगों को लेकर उड़ान भरी। इन्हें वीएसएस यूनिटी अंतरिक्ष यान से भेजा गया। इस अंतरिक्ष पर्यटन के लिए इस समय सैकड़ों लोग प्रतीक्षा सूची में हैं। टिकट की कीमत 4.5 लाख डॉलर यानी करीब पौने 4 करोड़ रुपये आंकी गई है।