पाकिस्तान के पंजाब प्रांत से दो हिंदुओं समेत 3 अगवा
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में शुक्रवार देर रात दो अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों का अपहरण कर लिया गया। रहीम यार खान क्षेत्र में बंधक बनाए गए इन लोगों में दो अल्पसंख्यक हिंदू हैं। पाकिस्तान का चंबल कहलाने वाले इस इलाके में डकैतों के गिरोह फिर से सक्रिय हो गए हैं। अपहर्ताओं ने बंधकों को छोड़ने के बदले अपने एक साथी को रिहा करने की शर्त रखी है। पाकिस्तानी अंग्रेजी दैनिक डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, भोंग थाना क्षेत्र के कत्यावाली इलाके में डकैतों ने शमीर जी और धीमा जी को अगवा कर लिया। हमलावर उनके घर में घुसे और बंधक बनाकर कच्चा क्षेत्र में ले गए। कच्चा यहां का दस्यु बहुल इलाका है, जहां पिछले एक माह में 12 लोगों का अपहरण किया गया है।
लंदन की सड़कों पर उतरे 40 हजार लोग, दुनियाभर में प्रदर्शन
गाजा युद्ध की पहली बरसी की पूर्व संध्या पर दुनिया के सभी प्रमुख शहरों में लाखों लोग सड़कों पर उतरे। प्रदर्शनकारी पश्चिम एशिया में चल रहे रक्तपात को समाप्त करने की मांग कर रहे थे। लगभग 40,000 फलस्तीन समर्थक प्रदर्शनकारियों ने मध्य लंदन में मार्च किया। पेरिस, रोम, मनीला, केप टाउन व न्यूयॉर्क सिटी में भी हजारों लोग एकत्र हुए। कई अन्य यूरोपीय शहरों में भी प्रदर्शन हुए। वाशिंगटन में व्हाइट हाउस के पास भी प्रदर्शन हुए, जिसमें गाजा व लेबनान में सैन्य अभियानों में इस्राइल के सहयोग का विरोध जताया गया। न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर पर प्रदर्शनकारियों ने काले व सफेद केफियेह स्कार्फ पहन रखा था। वे गाजा व लेबनान के समर्थन में नारेबाजी करते हुए इस्राइल पर प्रतिबंध लगाने की मांग कर रहे थे।
मलयेशिया की अदालत ने अश्लीलता के आरोप में एक 70 वर्षीय भारतीय व्यक्ति पर एक हजार अमेरिकी डॉलर का जुर्माना लगाया है। आरोप है व्यक्ति ने सेरेब्रल पाल्सी से पीड़ित बच्चों के लिए हुए कार्यक्रम में एलजीबीटीक्यू समुदाय के लिए समर्थन दर्शाने वाले कपड़े पहनकर हिस्सा लिया था। ताइवान के सत्यनारायण प्रसाद पापोली और 66 वर्षीय आर्थर वांग पर स्पास्टिक चिल्ड्रेन एसोसिएशन ऑफ जोहोर के लिए धन जुटाने के लिए अनुचित तरीके से कपड़े पहनने पर 1,168 अमेरिकी डॉलर का जुर्माना लगाया गया था। पूर्व वकील पापोली ने माफी मांगते हुए अपील करते हुए जुर्माना कम करने की मांग की। उन्होंने कहा कि वह 70 वर्ष के हैं। उनकी पत्नी डॉक्टर हैं। वह एक चैरिटी कार्यक्रम में भाग लेने के लिए यहां आए थे। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार मलयेशिया में एलजीबीटीक्यू गतिविधियों को अस्वीकार कर दिया गया है। पापोली और वांग ने सार्वजनिक रूप से अश्लील हरकतें करने के लिए जोहोर अदालत में आरोपों को स्वीकार कर लिया। उनको शनिवार को होटल से एक स्थानीय व्यक्ति के साथ हिरासत में लिया गया था।
जयशंकर ने अर्जेंटीना की विदेश मंत्री के साथ की बैठक
विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने सोमवार को दिल्ली में अर्जेंटीना की विदेश और व्यापार मंत्री डायना मोंडिनो और अर्जेंटीना के उद्योग और व्यापार जगत के नेताओं के साथ बैठक की। इस दौरान कई व्यापारिक मुद्दों पर चर्चा हुई।