फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World News: पाकिस्तानी सेना ने आठ आतंकियों को मारा; भारत ने तेल अवीव से घायल भारतीय सैनिक को निकाला

Thu, 26 Sep 2024 10:38 PM IST
दीपक कुमार शर्मा वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
विज्ञापन

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में एक मुठभेड़ के दौरान पाकिस्तानी सेना ने आठ आतंकियों को मार गिराया। इस दौरान आतंकियों के ठिकाने से  हथियार और गोला-बारूद भी जब्त किए गए।  सेना के मुताबिक उत्तरी वजीरिस्तान जिले के रजमाक इलाके में आतंकी होने की सूचना पर अभियान चलाया गया था। इस दौरान सैनिकों और आतंकियों के बीच तीव्र गोलीबारी हुई। इसमें आठ आतंकियों को मारा गया। वहीं पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने रजमाक में सफल आतंकवाद विरोधी अभियान को अंजाम देने के लिए सुरक्षा बलों की सराहना की।

विज्ञापन


IMF से पाकिस्तान को सात अरब USD कर्ज
अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष बोर्ड (आईएमएफ) ने बुधवार को नकदी संकट से जूझ रहे पाकिस्तान के लिए सात अरब अमेरिकी डॉलर की विस्तारित फंड सुविधा (ईएफएफ) को मंजूरी दी। इससे पाकिस्तान की डगमगाई अर्थव्यवस्था को सहारा मिलेगा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, 1.1 बिलियन अमेरिकी डॉलर की पहली किश्त 30 सितंबर, 2024 तक जारी होने की संभावना है। पाकिस्तानी वित्त मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, ऋण पर ब्याज दर पांच फीसदी से कम है। आईएमएफ इस वित्तीय वर्ष के भीतर दूसरी किस्त का भुगतान कर सकता है। वहीं, स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान (एसबीपी) के गवर्नर जमील अहमद ने कहा कि इस्लामाबाद को 1.10 बिलियन अमेरिकी डॉलर की पहली किश्त मिलेगी। देश ने वैश्विक ऋणदाता की सभी मांगों को पूरा कर लिया है।

इस्राइल-हिजबुल्ला के बीच युद्धविराम का प्रयास कर रहे अमेरिका-फ्रांस
इस्राइल और हिजबुल्ला के बीच तनाव बढ़ रहा है। इस्राइली सेना का कहना कि दक्षिणी इस्राइली शहर इलियट के बंदरगाह पर एक ड्रोन ने हमला किया है, जिससे मामूली नुकसान हुआ है। वहीं, अमेरिका पश्चिम एशिया के बढ़ते तनाव पर नजर रख रहा है। एक अमेरिकी अधिकारी का कहना है कि अमेरिका लेबनान में इस्राइल और हिजबुल्ला के बीच अस्थायी संघर्ष विराम का प्रस्ताव पेश कर रहा है। फ्रांस ने भी कहा है कि उसने अमेरिका के साथ मिलकर इस्राइल और हिजबुल्ला के बीच 21 दिन के युद्ध विराम की योजना पर काम किया है। फ्रांस का कहना है कि युद्धविराम का मकसद दोनों पक्षों के बीच वार्ता संभव कराना है।

हिजबुल्ला के खिलाफ जमीनी हमले की तैयारी में इस्राइली सेना
एक अन्य रिपोर्ट के मुताबिक इस्राइली सेना प्रमुख ने सैनिकों से लेबनान में हिजबुल्ला के खिलाफ संभावित जमीनी हमले के लिए तैयार रहने को कहा है। बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन भी पश्चिम एशिया में 'पूर्ण युद्ध' के खिलाफ चेतावनी दे चुके हैं।

भारत बीबीएनजे समझौते में शामिल, विदेश मंत्री जयशंकर ने हस्ताक्षर किए
विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर अमेरिका दौरे पर हैं। उन्होंने आज संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) में जैव विविधता (बीबीएनजे) समझौते पर हस्ताक्षर किए। इसके साथ ही भारत बीबीएनजे समझौते में शामिल हो गया है। इस संबंध में विदेश मंत्री ने अपने एक्स पर पोस्ट में कहा, 'आज संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय ने राष्ट्रीय क्षेत्राधिकार से परे जैव विविधता (बीबीएनजे) समझौते पर हस्ताक्षर किए। भारत को बीबीएनजे समझौते में शामिल होने पर गर्व है, यह सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है कि हमारे महासागर स्वच्छ बने रहें।'

एस जयशंकर ने रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से की मुलाकात
विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के 79वें सत्र से इतर रूसी समकक्ष सर्गेई लावरोव से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय सहयोग और क्षेत्रीय मुद्दों को लेकर चर्चा हुई। एस जयशंकर ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर मुलाकात की तस्वीर साझा की।

अमेरिका दौरे पर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव से मुलाकात की। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरस ने जेलेंस्की के साथ अपनी बैठक के बारे में कहा कि संयुक्त राष्ट्र यूक्रेन की संप्रभुता और आजादी का मजबूती से समर्थन करता है। उन्होंने यूएन चार्टर के आधार पर शांति बहाली की वकालत भी की। इसके अलावा जेलेंस्की ने संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) को संबोधित किया। उन्होंने वैश्विक नेताओं से आग्रह किया कि वे उनके देश के साथ खड़े हों और रूस के युद्ध में दो साल से अधिक समय से चल रही 'वास्तविक, न्यायपूर्ण शांति' के बजाय 'शांति' की तलाश न करें।

इस वित्तीय वर्ष बांग्लादेश को 3.5 बिलियन डॉलर देगा वर्ल्ड बैंक

बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार प्रोफेसर मुहम्मद यूनुस ने विश्व बैंक के अध्यक्ष अजय बंगा से मुलाकात की। बुधवार को न्यूयॉर्क में दोनों की बातचीत हुई। विश्व बैंक बांग्लादेश के वित्तीय क्षेत्र में सुधारों का समर्थन करने के लिए इस वित्तीय वर्ष में 3.5 बिलियन डॉलर प्रदान करेगा।

बांग्लादेशी सरकार के सलाहकार चीनी विदेश मंत्री से मिले

बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने चीनी विदेश मंत्री वांग यी से भी मुलाकात की। संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में हुई इस मुलाकात के दौरान दोनों के बीच द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा की। दोनों नेताओं के बीच संबंधों को मजबूत करने, सौर पैनल पर निवेश और व्यापार सहयोग के विस्तार से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

पेंटागन में अमेरिकी रक्षा उप सचिव कैथलीन हिक्स और भारत के विदेश सचिव की मुलाकात

पाकिस्तान में पोलियो का एक और केस दर्ज; कुल संख्या 22

पाकिस्तान के अधिकारियों ने बलूचिस्तान में एक और पोलियो मामले की सूचना दी है, जिसके बाद इस साल पड़ोसी देश में पोलियो के कुल मामलों की संख्या 22 हो गई है, जो वायरस को खत्म करने के सरकार के प्रयासों के लिए एक झटका है। अधिकारियों ने बताया कि बीमारी का नवीनतम शिकार बलूचिस्तान के पिशिन का 30 महीने का बच्चा था। अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य संस्थान में पोलियो उन्मूलन के लिए क्षेत्रीय संदर्भ प्रयोगशाला ने बुधवार को बच्चे में जंगली पोलियोवायरस टाइप 1 (डब्ल्यूपीवी1) की उपस्थिति की पुष्टि की, जिससे इस साल अब तक रिपोर्ट किए गए कुल मामलों की संख्या 22 हो गई, जिनमें से अकेले बलूचिस्तान में 15 मामले हैं। एक अधिकारी ने बताया कि सिंध में चार मामले सामने आए हैं, जबकि खैबर-पख्तूनख्वा, पंजाब और इस्लामाबाद में एक-एक मामले सामने आए हैं।

भगवान बसवेश्वर को नमन करेंगे ब्रिटेन के प्रधानमंत्री स्टार्मर
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर को ब्रिटिश भारतीय समुदाय ने 12वीं सदी के कवि-संत भगवान बसवेश्वर को सम्मान देने के लिए आमंत्रित किया है। यह निमंत्रण हाल ही में ब्रिटिश भारतीय समुदाय और द लैम्बेथ बसवेश्वरा फाउंडेशन की ओर से लंदन बरो ऑफ लैम्बेथ के पूर्व मेयर डॉ. नीरज पाटिल ने दिया है। यह फाउंडेशन भगवान बसवेश्वर की प्रतिमा की स्थापना में अग्रणी रहा है। भगवान बसवेश्वर की प्रतिमा ब्रिटिश संसद के सामने है। इसका अनावरण भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 14 नवंबर 2015 को किया था। लैम्बेथ बसवेश्वर फाउंडेशन भगवान बसवेश्वर के मूल्यों को संरक्षित करने और बढ़ावा देने में सहायक रहा है।
विज्ञापन

सितंबर में ड्यूटी के दौरान घायल हुआ था सैनिक
संयुक्त राष्ट्र डिसइंगेजमेंट ऑब्जर्वर फोर्स (यूएनडीओएफ) की सेवा के दौरान एक दुर्घटना में सिर में चोट लगने के बाद घायल भारतीय सैनिक को गुरुवार को भारत ने तेल अवीव से बाहर निकाला। इस्राइल और लेबनान तनाव के बीच हवलदार सुरेश आर को एक सैन्य विमान के जरिये इस्राइल से इलाज के लिए दिल्ली के सेना अस्पताल में लाया गया। भारतीय सेना ने एक्स पर कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों ने संयुक्त राष्ट्र डिसइंगेजमेंट ऑब्जर्वर फोर्स गोलन हाइट्स से हवलदार सुरेश आर की महत्वपूर्ण चिकित्सा निकासी को सफलतापूर्वक पूरा किया। 20 सितंबर 2024 को हवलदार सुरेश को ड्यूटी के दौरान गंभीर चोटें आईं थीं। उसे इस्राइल के संयुक्त राष्ट्र अस्पताल में भर्ती किया गया था। उसे आगे के इलाज के लिए भारत ले जाने का निर्णय लिया गया। आर्मी मेडिकल कोर की एक टीम ने IAF, IDS और DMA के साथ मिलकर घायल सैनिक को बेहद अनिश्चित स्थिति के बीच निकाला। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हवलदार सुरेश को निकालने में शामिल सभी लोगों की सराहना की।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें