फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विदेश के सामाचार: तुर्किये का जहाज डूबा, दो की मौत; पेरिस फैशन वीक में होडाकोवा के आई मेकअप की चर्चा

Tue, 06 Oct 2026 08:16 AM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
विज्ञापन
विदेश की समाचार सुर्खियां - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
यूक्रेन और रूस में जारी सैन्य तनाव के बीच काला सागर में तुर्किये के एक मालवाहक जहाज एमवी रॉयड ममदोव पर ड्रोन हमला किया गया। इसके बाद जहाज में आग लग गई और बाद में वह डूब गया। हमले में दो विदेशी नागरिकों की मौत हो गई, जबकि चालक दल में शामिल एक भारतीय घालय हो गया। जहाज के चालक दल में तीन भारतीय और अजरबैजानी नागरिक शामिल हैं। 
विज्ञापन


पेरिस फैशन वीक : होडाकोवा के आई मेकअप के मुरीद हुए लोग 
पेरिस फैशन वीक में स्वीडिश डिजाइनर एलेन होडाकोवा लार्सन का लुक खासा आकर्षण का केंद्र रहा। उनके रैंप लुक में सबसे ज्यादा ध्यान आंखों पर किए गए बोल्ड और आर्टिस्टिक मेकअप ने खींचा। होडाकोवा की सामने आई तस्वीर में उनका आई मेकअप बेहद अलग और प्रभावशाली नजर आ रहा है। मेकअप ने उनके पूरे लुक को एक्सपेरिमेंटल टच दिया, जिससे उनकी तस्वीर पर लोगों की नजरें ठहर गई। फैशन वीक के इस लुक ने साबित किया कि रनवे पर सिर्फ कपड़े ही नहीं, बल्कि मेकअप भी पूरी कहानी कह सकता है।
Trending Videos

इथियोपिया में अगवा 3 भारतीय बच्चों को सुरक्षित बचाया गया
डंकी रूट से अमेरिका जा रहे गुजरात के मेहसाणा जिले के तीन चचेरे भाई-बहन इथियोपिया में अगवा कर लिए गए थे। हालांकि, स्थानीय पुलिस की सूझबूझ से उन्हें अपहरणकर्ताओं से बचा लिया गया। तीनों चचेरे भाई-बहन रुत्विक जनसारी, ममता और मयूरी सोलंकी एक अक्तूबर को सुरक्षित भारत लौट आए। एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि ममता का अमेरिकी वीजा छह बार खारिज हो चुका था। उनके पति छात्र वीजा पर अमेरिका में हैं। इसके बाद परिवार ने ममता को अवैध तरीके से अमेरिका भेजने का फैसला किया। 

ईरान में चार पुलिसकर्मियों की मौत के मामले में दो को फांसी
ईरान ने जनवरी में इस्फहान में हुए प्रदर्शनों के दौरान चार पुलिसकर्मियों की मौत के मामले में दो लोगों को सोमवार को फांसी दे दी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, कोर्ट ने अलीरेजा सेपाही और अलीरेजा रईसी को सशस्त्र विद्रोही समूह से जुड़ने, हथियारों के जरिये भय फैलाने और भ्रष्टाचार समेत कई आरोपों में मौत की सजा सुनाई गई थी। ईरान की सुप्रीम कोर्ट ने सजा बरकरार रखी थी। 

अवैध खनन के दौरान पानी भरा,चीन में सात लोगों की डूबकर मौत
चीन के दक्षिण-पश्चिमी शहर चोंगकिंग के बाहर एक बंद पड़ी खदान में अवैध खनन के दौरान पानी भरने से सात लोगों की डूबकर मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। यह घटना बारिश के बाद खदान के भीतर अचानक जलस्तर बढ़ने से हुई। यूयांग तुजिया और मियाओ स्वायत्त काउंटी पुलिस के अनुसार, पड़ोसी शिउशान काउंटी की सीमा से लगी बंद और परित्यक्त खदान में सात लोगों के शव मिले। पुलिस को शनिवार को खदान में कुछ लोगों के लापता होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद अवैध खनन गतिविधि का पता चला। मामले में 21 लोगों को हिरासत में लिया गया है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, बारिश के कारण खदान के अंदर पानी का स्तर अचानक बढ़ गया, जिससे सात लोगों की डूबने से मौत हुई। पुलिस ने यह नहीं बताया कि खदान में किस खनिज का अवैध खनन किया जा रहा था। मामले की जांच जारी है। इससे पहले जुलाई में यूयांग के पड़ोसी पेंगशुई काउंटी में बारिश के कारण हुए भूस्खलन में 51 लोगों की मौत हुई थी और 10 लोग लापता हो गए थे।

तालिबान के चार वरिष्ठ नेताओं के गिरफ्तारी वारंट जारी, किन मामलों में लगे आरोप?
अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (ICC) ने सोमवार को तालिबान के चार वरिष्ठ नेताओं के गिरफ्तारी वारंट सार्वजनिक किए। इन पर अफगानिस्तान में महिलाओं, लड़कियों और LGBTQI+ समुदाय के सदस्यों के खिलाफ मानवता के खिलाफ अपराध के तौर पर लैंगिक उत्पीड़न का आरोप है। यह कार्रवाई 2021 में तालिबान के सत्ता में लौटने के बाद की गतिविधियों से जुड़ी है। ICC के मुताबिक, वारंट तालिबान के सर्वोच्च नेता हिबतुल्लाह अखुंदजादा, अफगानिस्तान के सुप्रीम कोर्ट के प्रमुख अब्दुल हकीम हक्कानी, शिक्षा मंत्री हबीबुल्लाह आगा और उच्च शिक्षा मंत्री निदा मोहम्मद नदीम के खिलाफ जारी किए गए हैं। इनमें से अखुंदजादा और हक्कानी के वारंट पिछले साल सामने आए थे, लेकिन तब उन्हें गोपनीय रखा गया था। ICC ने कहा कि तालिबान ने महिलाओं और लड़कियों को शिक्षा, आवाजाही, अभिव्यक्ति और अन्य मौलिक अधिकारों से वंचित किया। अफगान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने फैसले को खारिज करते हुए कहा कि अफगानिस्तान ICC को मान्यता नहीं देता। चारों आरोपियों की गिरफ्तारी की संभावना फिलहाल कम बताई गई है।

पूर्व पत्रकार लुका निकुलेस्कु रोमानिया में प्रधानमंत्री पद के लिए नामित
रोमानिया के राष्ट्रपति निकुसोर दान ने लंबे समय से जारी राजनीतिक संकट को खत्म करने की चौथी कोशिश के तहत सोमवार को राजनयिक और पूर्व पत्रकार लुका निकुलेस्कु को प्रधानमंत्री पद के लिए नामित किया। इससे पहले राष्ट्रपति के तीन नामित उम्मीदवार सरकार बनाने के लिए जरूरी समर्थन हासिल नहीं कर सके थे। 55 वर्षीय निकुलेस्कु विदेश मंत्रालय में राज्य सचिव हैं और 2022 से आर्थिक सहयोग एवं विकास संगठन (OECD) में रोमानिया की सदस्यता प्रक्रिया के राष्ट्रीय समन्वयक हैं। दान ने कहा कि निकुलेस्कु के पास संसद में बहुमत जुटाने की सबसे अच्छी संभावना है और देश के लिए सरकार बनना जरूरी है। निकुलेस्कु ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता संसदीय बहुमत तैयार करना होगी। उन्होंने सरकारी धन के गंभीर इस्तेमाल, आर्थिक स्थिरता, निवेश और सुधारों में तेजी का भरोसा दिया। रोमानिया में राजनीतिक संकट मई में शुरू हुआ था। पिछले सप्ताह सांसदों ने दान के तीसरे नामित प्रधानमंत्री सिगफ्राइड मुरेशान की प्रस्तावित सरकार को खारिज कर दिया था। बहुमत नहीं बनने पर समय से पहले चुनाव की संभावना बढ़ गई है।

ट्रंप के वरिष्ठ सलाहकार और सूडान के शीर्ष सैन्य अधिकारी जनरल अब्देल-फत्ताह बुरहान की मुलाकात
अफ्रीकी देश सूडान में जारी युद्ध को खत्म करने के लिए अमेरिका के राजनयिक प्रयासों के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के वरिष्ठ सलाहकार मैसाड बोलोस ने सप्ताहांत में सूडान के शीर्ष सैन्य अधिकारी जनरल अब्देल-फत्ताह बुरहान से मुलाकात की। यह बैठक मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल-फत्ताह अल-सीसी द्वारा अफ्रीकी संघ की बैठक से इतर आयोजित दोपहर भोज के दौरान हुई। बोलोस ने कहा कि इन प्रयासों का उद्देश्य सूडान में सुरक्षा और स्थिरता बहाल करना, पुनर्निर्माण व विकास शुरू करना और सूडानी नेतृत्व में समावेशी राष्ट्रीय संवाद के जरिए नागरिक नेतृत्व वाली सरकार की ओर बढ़ना है। सूडान में युद्ध में अब तक कम से कम 59,000 लोगों की मौत और करीब 1.3 करोड़ लोगों के विस्थापित होने की बात कही गई है। कई इलाकों में अकाल की स्थिति है। युद्ध अप्रैल 2023 में सेना और शक्तिशाली अर्धसैनिक बल रैपिड सपोर्ट फोर्सेज के बीच सत्ता संघर्ष के बाद शुरू हुआ था। बोलोस ने कहा कि तत्काल मानवीय संघर्षविराम और सुरक्षित मानवीय गलियारों के लिए क्षेत्रीय समझौते की अब भी संभावना है।

अदालत की शक्तियां सीमित करने की पहल, प्रदर्शनकारियों का गुस्सा सड़कों पर दिखा
कोसोवो की राजधानी प्रिस्टिना में सोमवार रात सैकड़ों लोगों ने प्रदर्शन किया। संसद द्वारा हेग स्थित अदालत की शक्तियां सीमित करने वाले कानून को आगे नहीं बढ़ाए जाने के बाद प्रदर्शनकारियों का गुस्सा सड़कों पर दिखा। प्रदर्शन के दौरान कुछ जगहों पर झड़प हुई। प्रदर्शनकारियों ने फ्लेयर्स और पटाखे चलाए, जबकि पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल किया। इस दौरान 12 लोग घायल हुए, जिनमें एक पुलिसकर्मी और 11 नागरिक शामिल हैं। यह विरोध हेग की अदालत द्वारा पूर्व कोसोवो राष्ट्रपति हाशिम थाची और कोसोवो लिबरेशन आर्मी के तीन अन्य पूर्व कमांडरों को 1998-99 के युद्ध के दौरान युद्ध अपराधों के लिए दोषी ठहराए जाने के कुछ सप्ताह बाद हो रहा है। उन्हें 13 से 25 साल की सजा सुनाई गई है। प्रदर्शनकारी अदालत की अधिकतम सजा 15 साल करने, सुप्रीम कोर्ट में अपील की अनुमति देने और दोषियों को कोसोवो में सजा काटने की मांग कर रहे हैं। सोमवार को संसद में संशोधन पहली बार पढ़े गए, लेकिन आगे की प्रक्रिया नहीं बढ़ी।

अमेरिका से निर्वासित नाइकारागुआन शरणार्थी को फिर जेल भेजा गया
अमेरिका से निर्वासित किए गए नाइकारागुआ के 35 वर्षीय जेफरी जार्किन को स्वदेश लौटते ही अधिकारियों ने दोबारा गिरफ्तार कर उसी जेल में भेज दिया, जहां उन्हें पहले कथित तौर पर प्रताड़ित किया गया था। परिवार के एक सदस्य और उनके अमेरिकी वकील ओस्ले सैलेंट ने इसकी पुष्टि की है। जार्किन 2018 में राष्ट्रपति डेनियल ओर्टेगा और उनकी पत्नी रोसारियो मुरियो की सरकार के खिलाफ हुए प्रदर्शनों में प्रमुख रूप से शामिल थे। उन्हें 2018 में गिरफ्तार कर एल मॉडलो नामक अधिकतम सुरक्षा वाली जेल में रखा गया था, जहां 2019 में रिहा होने और अमेरिका भागने से पहले उन्हें और अन्य प्रदर्शनकारियों को कथित तौर पर यातनाएं दी गई थीं। अमेरिका में उनकी शरण याचिका खारिज होने के बाद उन्हें पिछले सप्ताह मनागुआ भेज दिया गया।

निकारागुआ को लेकर अमेरिका पर उठे सवाल
मानवाधिकार संगठन ह्यूमन राइट्स वॉच के अनुसार, ट्रंप प्रशासन ने जनवरी से जुलाई 2026 के बीच करीब 6,300 नाइकारागुआन नागरिकों को निर्वासित किया है। संगठन ने कहा कि इनमें ऐसे लोग भी शामिल हैं, जिन्हें निकारागुआ की सरकार ने आलोचकों को दंडित करने के उद्देश्य से नागरिकता से वंचित किया था और जिनमें कुछ की शरण याचिकाएं लंबित थीं। ह्यूमन राइट्स वॉच के अमेरिका मामलों के उप निदेशक जुआन पापियर ने कहा कि निकारागुआ की सरकार की आलोचना करने के साथ-साथ वहां से भागे लोगों को वापस भेजना वॉशिंगटन को पाखंडी दिखाता है। उन्होंने चेतावनी दी कि सरकार के किसी भी आलोचक को वापस भेजे जाने पर उसे यातना या उत्पीड़न का वास्तविक खतरा हो सकता है।

क्यूबेक में अलगाववादी पार्टी की जीत, स्वतंत्रता पर फिर जनमत संग्रह का वादा
कनाडा के क्यूबेक प्रांत में अलगाववादी पार्टी क्यूबेक्वा ने सोमवार को हुए प्रांतीय चुनाव में जीत हासिल की है। कनाडियन प्रेस के अनुमान के मुताबिक, पॉल सेंट-पियरे प्लामोंडन के नेतृत्व वाली पार्टी की जीत से कोएलिशन एवेनिर क्यूबेक के आठ साल के शासन का अंत हो गया है और क्यूबेक की कनाडा से स्वतंत्रता का मुद्दा एक बार फिर प्रांतीय राजनीति के केंद्र में आ गया है। प्लामोंडन ने स्वतंत्रता पर दोबारा जनमत संग्रह कराने का वादा किया है, हालांकि उनका कहना है कि वह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पद से हटने के बाद ही ऐसा करेंगे। हालांकि, चुनावी जीत का यह मतलब नहीं है कि अधिकांश क्यूबेकवासी कनाडा से अलग होना चाहते हैं। मैकगिल यूनिवर्सिटी के राजनीति विज्ञान के प्रोफेसर डेनियल बेलैंड के अनुसार, नतीजा बहुदलीय व्यवस्था में वोटों के बंटवारे को दर्शाता है, न कि स्वतंत्रता के समर्थन में किसी बड़े उछाल को। उनके मुताबिक, क्यूबेक की संप्रभुता के पक्ष में समर्थन ऐतिहासिक रूप से कम, करीब 30 प्रतिशत है। यह चुनाव ऐसे समय हुआ है जब दो सप्ताह बाद अल्बर्टा में कनाडा से अलग होने पर जनमत संग्रह कराने को लेकर मतदान होना है।

 सरकारी पैसों से चलाए जा रहे विवादित विज्ञापनों का खर्च खुद उठाएंगे ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा कि उनकी छवि को बढ़ावा देने वाले उन टेलीविजन विज्ञापनों का खर्च अब अमेरिकी करदाताओं के पैसे से नहीं किया जाएगा, जिनको लेकर व्यापक आलोचना हुई है। उन्होंने कहा कि भविष्य में इन विज्ञापनों का भुगतान उनके सुपर PAC MAGA Inc. से किया जाएगा। इन विज्ञापनों पर अब तक कम से कम 15 लाख डॉलर सरकारी धन खर्च होने की बात सामने आई है। ट्रंप ने विज्ञापनों का बचाव करते हुए इन्हें अमेरिका के लिए सकारात्मक प्रचार बताया और आलोचना के लिए “रेडिकल लेफ्ट” को जिम्मेदार ठहराया। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि पहले प्रसारित विज्ञापनों पर खर्च हुए सरकारी धन की भरपाई कैसे की जाएगी। MAGA Inc. के पास जुलाई के अंत तक 40 करोड़ डॉलर से अधिक का राजनीतिक फंड था, जिसका इस्तेमाल ट्रंप आगामी मध्यावधि चुनावों से पहले रिपब्लिकन उम्मीदवारों के समर्थन में कर रहे हैं।

दोनों दलों की आलोचना के बाद बदला फैसला, कानूनी सवाल भी उठे
व्हाइट हाउस ने भी पुष्टि की कि भविष्य में ऐसे विज्ञापनों का भुगतान MAGA Inc. करेगा, लेकिन यह नहीं बताया कि राजनीतिक धन के इस्तेमाल को किस तरह सुनिश्चित और प्रमाणित किया जाएगा। ट्रंप का यह अचानक फैसला डेमोक्रेट और रिपब्लिकन, दोनों दलों के नेताओं की आलोचना के बाद आया है। कानूनी विशेषज्ञों ने सवाल उठाया है कि सरकारी धन से ऐसे विज्ञापन चलाना संघीय कानूनों का उल्लंघन भी हो सकता है। इनमें कांग्रेस द्वारा स्वीकृत धन का “प्रचार या प्रोपेगेंडा” के लिए इस्तेमाल रोकने वाला कानून और सरकारी कर्मचारियों की पक्षपातपूर्ण राजनीतिक गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाने वाला कानून शामिल हैं।

नाइजीरिया में तीन दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा
नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला अहमद टीनुबू ने ओन्डो राज्य में नाइजीरियाई वायुसेना (NAF) के ATR-42 विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से 32 लोगों की मौत के बाद तीन दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। हादसे में एयरफोर्स प्रमुख एयर मार्शल संडे केल्विन अनेके समेत 25 यात्री और सात चालक दल के सदस्य मारे गए। विमान सोमवार सुबह इग्बोकोडा इलाके में एक नौसैनिक अड्डे के पास उस समय दुर्घटनाग्रस्त हुआ, जब वह बेनिन से लागोस के लिए नियमित मिशन पर था। राष्ट्रपति टीनुबू ने मृतकों के सम्मान में पूरे देश में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुकाने का निर्देश दिया और हादसे को सशस्त्र बलों तथा पूरे देश के लिए बेहद दुखद क्षण बताया। उन्होंने नाइजीरियाई वायुसेना को दुर्घटना के कारणों की तत्काल और विस्तृत जांच के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। टीनुबू ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू करने के लिए वायुसेना तथा घटनास्थल पर पहुंचने वाले बचावकर्मियों और ओन्डो राज्य सरकार के प्रयासों की भी सराहना की।
विज्ञापन

आइसलैंड से रूबियो ने शुरू किया तीन देशों का NATO दौरा
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने NATO सहयोगी देशों के तीन देशों के दौरे की शुरुआत आइसलैंड से की है। उनकी यात्रा ऐसे समय हो रही है जब आइसलैंड में ट्रंप प्रशासन की आर्कटिक संबंधी नीतियों को लेकर चिंता बनी हुई है। रूबियो ने आइसलैंड को अमेरिका का 'अच्छा मित्र' बताते हुए कहा कि उनकी यात्रा का उद्देश्य सुरक्षित आर्कटिक, मजबूत व्यापारिक और ऊर्जा संबंध तथा बेहतर रक्षा सहयोग को बढ़ावा देना है। हालांकि, ट्रंप द्वारा पड़ोसी ग्रीनलैंड पर नियंत्रण की इच्छा जताए जाने और आर्कटिक क्षेत्र में अमेरिकी महत्वाकांक्षाओं के चलते आइसलैंड में आशंकाएं बनी हुई हैं। पिछले महीने ट्रंप ने एक ऐसा नक्शा भी पोस्ट किया था, जिसमें अमेरिकी झंडे के रंग पूरे उत्तरी अमेरिका के साथ ग्रीनलैंड और आइसलैंड तक फैले दिखाई दिए थे। इसके बाद आइसलैंड की विदेश मंत्री थोरगेरदुर कैट्रीन गुन्नार्सडॉटिर ने अमेरिकी राजदूत को तलब कर इस पोस्ट को अस्वीकार्य बताया था।

ग्रीनलैंड और NATO को लेकर सहयोगियों को भरोसा दिलाने की चुनौती
ग्रीनलैंड को लेकर ट्रंप की टिप्पणियों और कनाडा को 51वां अमेरिकी राज्य बताने जैसे बयानों के बाद रूबियो को अक्सर अमेरिका के सहयोगी देशों को आश्वस्त करने की भूमिका निभानी पड़ी है। आइसलैंड ग्रीनलैंड से करीब 290 किलोमीटर दूर है और NATO का सदस्य होने के बावजूद उसकी अपनी सेना नहीं है। अमेरिकी राजदूत बिली लॉन्ग भी विवादों में रहे हैं; पद संभालने से पहले उन्होंने आइसलैंड के 52वां अमेरिकी राज्य बनने और खुद को वहां का गवर्नर बनाए जाने को लेकर मजाक किया था, जिसके बाद उन्होंने माफी मांगी थी। रूबियो की यात्रा में इसके बाद ग्रीस और पुर्तगाल भी शामिल हैं और वह गुरुवार को वॉशिंगटन लौटेंगे। ग्रीस में भी उन्हें अमेरिकी राजदूत किम्बर्ली गिलफॉयल से जुड़े विवाद का सामना करना पड़ सकता है।

ग्रीस में अमेरिकी राजदूत पर आरोप, ऊर्जा सहयोग भी एजेंडे में
अमेरिकी कांग्रेस में डेमोक्रेटिक सांसद और हाउस फॉरेन अफेयर्स कमेटी के सदस्य ग्रेगरी मीक्स ने ग्रीस में अमेरिकी राजदूत किम्बर्ली गिलफॉयल के खिलाफ कथित कदाचार और अनुचित आचरण के आरोपों की जांच की मांग की है। वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के अनुसार, गिलफॉयल ने एक कार्यक्रम में कथित तौर पर कहा था कि अमेरिका जरूरत पड़ने पर ग्रीक सरकार को कमजोर कर सकता है, एक ग्रीक निर्माण एवं ऊर्जा कंपनी के कारोबारी हितों को बढ़ावा दिया और उसके लॉबिस्ट को निजी राजनयिक बैठकों में शामिल होने दिया। गिलफॉयल ने आरोपों से इनकार किया है और रूबियो ने उनका बचाव करते हुए उन्हें राष्ट्रपति के एजेंडे की मजबूत समर्थक बताया है। वहीं, ट्रंप प्रशासन अमेरिका में उत्पादित LNG को दक्षिण-पूर्वी और मध्य यूरोप तक पहुंचाने में ग्रीस को महत्वपूर्ण साझेदार मानता है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें