यूएन शांतिरक्षकों की याद में भारत और ऑस्ट्रिया ने कार्यक्रम रखा; मेजर अभिलाषा बराक को मिला खास सम्मान
न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र शांतिरक्षकों के अंतर्राष्ट्रीय दिवस पर भारत और ऑस्ट्रिया के मिशनों ने मिलकर एक कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें दुनिया में शांति बनाए रखने के लिए अपनी जान गंवाने वाले करीब 4,000 बहादुर सैनिकों को श्रद्धांजलि दी गई, जिनमें 184 भारतीय सैनिक शामिल हैं। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पार्वथननी हरीश ने बताया कि पिछले एक साल में ही 45 सैनिकों ने इस नेक काम में अपनी जान गंवाई है, साथ ही उन्होंने गर्व जताया कि भारत साल 1948 से अब तक 50 से ज्यादा शांति मिशनों में अपने करीब तीन लाख सैनिक भेज चुका है। इसी मौके पर लेबनान में तैनात और भारतीय सेना की पहली महिला कॉम्बैट हेलीकॉप्टर पायलट मेजर अभिलाषा बराक को 2025 का 'मिलिट्री जेंडर एडवोकेट ऑफ द ईयर' पुरस्कार दिया गया, जिन्होंने अपनी टीम का नेतृत्व करते हुए वहां की 5,000 से ज्यादा महिलाओं और लड़कियों को पढ़ाई, ट्रेनिंग और स्वास्थ्य कार्यक्रमों से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में बड़ी भूमिका निभाई है।
अमेरिका: न्यू इंग्लैंड में उल्कापिंड के कारण सुनाई दिए धमाके, डेलावेयर से मॉन्ट्रियल तक दिखे दृश्य
शनिवार दोपहर अमेरिका के न्यू इंग्लैंड इलाके में दो तेज धमाकों की आवाज से लोग सहम गए और मैसाचुसेट्स व रोड आइलैंड में इमारतें हिल गईं, जिसके बाद पुलिस एजेंसियां मामले की जांच में जुट गईं। अमेरिकन मीटियर सोसाइटी के अनुसार, यह धमाका करीब 3 फीट चौड़े एक उल्कापिंड (मीटियर) के वायुमंडल में प्रवेश करने के कारण हुआ था, जो बोस्टन के उत्तर में मैसाचुसेट्स और न्यू हैम्पशायर की सीमा के पास देखा गया। सोसाइटी के फायरबॉल प्रोग्राम मॉनिटर रॉबर्ट लंसफोर्ड ने बताया कि डेलावेयर से लेकर मॉन्ट्रियल तक दर्जनों लोगों ने इस धमाके को सुनने, जमीन हिलने या दिन के उजाले में टूटते तारे जैसी 'फायरबॉल' देखने की रिपोर्ट दी है। उन्होंने साफ किया कि हालांकि सटीक जानकारी के लिए और जांच की जरूरत है, लेकिन इस उल्कापिंड के जमीन पर गिरने की संभावना बेहद कम है; क्योंकि ज्यादातर उल्कापिंड जमीन तक पहुंचने से पहले ही जलकर नष्ट हो जाते हैं या फिर समुद्र में गिर जाते हैं।
दावा : एफ-15 को गिराने में चीन ने की थी ईरान की मदद
पिछले माह दक्षिण-पश्चिमी ईरान के ऊपर अमेरिकी एफ-15ई स्ट्राइक ईगल को मार गिराने में चीन ने ईरान की मदद की थी। एनबीसी न्यूज ने सूत्रों के हवालों से दावा किया कि अमेरिकी जेट को गिराने में जिस मिसाइल का ईरान ने इस्तेमाल किया था, ये कंधे से दागी जाती हैं। हालांकि यह साफ नहीं है कि जिस मिसाइल से एफ-15 को गिराया गया, वह चीन से हाल ही में मिली थी या ईरान के पुराने जखीरे में थी।
भारत के सहयोग से नेपाल के मनांग में बनेगा नया अस्पताल
भारत और नेपाल ने संयुक्त रूप से नेपाल के सुदूर मनांग जिले में एक अस्पताल भवन की आधारशिला रखी है। काठमांडो स्थित भारतीय दूतावास के उप प्रमुख राकेश पांडे और नासोन ग्रामीण नगरपालिका के अध्यक्ष धन बहादुर गुरुंग ने बृहस्पतिवार को इसके निर्माण का शुभारंभ किया। यह अस्पताल हाई इम्पैक्ट कम्युनिटी डेवलपमेंट प्रोजेक्ट के तहत 5.6 करोड़ नेपाली रुपये की भारतीय सहायता से बनाया जा रहा है। काठमांडो से लगभग 280 किलोमीटर दूर स्थित इस दुर्गम क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना इस अस्पताल का मुख्य उद्देश्य है।
श्रीलंका : यौन शोषण के आरोप में शीर्ष बौद्ध भिक्षु निलंबित
श्रीलंका के शक्तिशाली बौद्ध संगठनों ने भारी दबाव के बाद यौन शोषण के आरोपी वरिष्ठ भिक्षु पल्लेगामा हेमरत्न को उनके पद से निलंबित कर दिया है। 71 वर्षीय भिक्षु पर अनुराधापुरा स्थित मंदिर परिसर में 15 वर्षीय किशोरी के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप है। उन्हें 9 मई को गिरफ्तार किया गया था, जिसके बाद 22 मई को उन्हें जमानत मिली। भिक्षु हेमरत्न अटमस्थान के प्रमुख थे, जिसमें श्री महाबोधि सहित आठ पवित्र बौद्ध स्थल शामिल हैं।
पाकिस्तान से लौट रहे अफगानों का ट्रक पलटा, 22 की मौत
अफगानिस्तान के एक राजमार्ग पर शनिवार को पाकिस्तान से लौट रहे अफगान शरणार्थियों को ले जा रहा एक ट्रक पलट गया, जिसमें 22 की मौत हो गई और 36 अन्य घायल हो गए। मृतको में 10 बच्चे, 5 महिलाएं थीं। तालिबान ने दुख जताया है।
ऑस्कर विजेता स्टार वॉर्स की संपादक मार्सिया का निधन
हॉलीवुड और सिनेमा प्रेमियों के लिए स्टार वॉर्स जैसी कालजयी फिल्म को अपने संपादन से तराशने वाली ऑस्कर विजेता मार्सिया लुकास की 80 वर्ष की उम्र में मृत्यु हो गई है। वे उन चंद प्रभावशाली महिला एडिटर्स में शुमार थीं, जिन्होंने न्यू हॉलीवुड के दौर में सिनेमा की परिभाषा बदली।
लेबनान में घुसी इस्राइली सेना 11 की मौत
लेबनान और इस्राइल के सैन्य अफसर जहां अमेरिकी रक्षा मुख्यालय (पेंटागन) में संघर्ष को लेकर सीधी बातचीत कर रहे थे, उसी दौरान इस्राइली सेना (आईडीएफ) दक्षिणी लेबनान के एक गांव में घुस गई और अंदर तक पहुंच गई। मरजायौन कस्बे के पास स्थित दिब्बीन गांव में इस्राइली सेना के प्रवेश के बाद यहां किए हमलों में छह लोग मारे गए। दीर कानून अल नहर और अब्बासियेह गांवों पर हुए हवाई हमले में पांच लोग मारे गए, जबकि एब्बा गांव में एक नगर पुलिसकर्मी मारा गया। इससे पहले लेबनान के छह सदस्यीय सैन्य प्रतिनिधिमंडल ने इस्राइली सैन्य अधिकारियों से मुलाकात की। दशकों में दोनों देशों के बीच यह पहली सीधी सैन्य वार्ता थी।
तुर्किये : मुख्य विपक्षी नेता को हटाने के विरोध में लोग सड़कों पर
तुर्किये की मुख्य विपक्षी पार्टी के नेता ओजगुर ओजेल को अदालत द्वारा पद से हटाए जाने के विरोध में शनिवार को हजारों समर्थकों ने अंकारा में मार्च निकाला। ओजेल को 21 मई को एक अदालती आदेश के जरिये पद से हटा दिया गया था, जिसे विपक्षी दल ने राजनीतिक साजिश करार दिया है। समर्थकों को संबोधित करते हुए 51 वर्षीय ओजेल ने इसे राष्ट्रपति रेसप तैयप एर्दोगन और जनता के बीच का मामला बताया और साजिश की आशंका जताई।
पाकिस्तान में गर्मी का प्रकोप, सिंध में पारा 51.5 डिग्री पार
पाकिस्तान के सिंध प्रांत में भीषण गर्मी का कहर जारी है। शनिवार को सिंध के दादू शहर में तापमान 51.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसने मई 2016 के 51.4 डिग्री के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। पीएमडी के कराची कार्यालय के मुख्य मौसम विज्ञानी सरफराज खान ने बताया कि दोपहर तक जैकबआबाद में 51 डिग्री, शहीद बेनजीराबाद, लारकाना और मोहनजोदड़ो में पारा 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
मेटा, टिकटॉक, स्नैप, यूट्यूब ने स्कूल मुकदमा 2.7 करोड़ डॉलर में निपटाया
मेटा के सभी प्लेटफॉर्म, टिकटॉक की मूल कंपनी बाइटडांस, स्नैप और अल्फाबेट की यूट्यूब ने केंटकी के एक स्कूल द्वारा दायर दावों को निपटाने के लिए लगभग 2.7 करोड़ डॉलर का भुगतान करने पर सहमति जता दी है। स्कूल ने इन कंपनियों पर आरोप लगाया था कि उन्होंने अपने प्लेटफॉर्म को युवा उपयोगकर्ताओं को अधिक समय तक जोड़े रखने के लिए डिजाइन किया, जिससे छात्रों में चिंता, अवसाद और आत्म-नुकसान की प्रवृत्ति बढ़ी।
कंपनियों ने कहा, हम युवाओं के मामले में सावधानी बरतते हैं। समझौतों में कंपनियों को कोई जिम्मेदारी स्वीकार करने की जरूरत नहीं है और न ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म में कोई बदलाव करने का समझौता शामिल है। दस्तावेजों के मुताबिक, यूट्यूब ने मामला निपटाने के लिए 20 लाख डॉलर, स्नैपचैट-टिकटॉक ने 80 लाख डॉलर प्रत्येक का भुगतान करने पर और मेटा ने सर्वाधिक 90 लाख डॉलर देने पर सहमति जताई। मालूम हो कि प्रतिस्पर्धारोधी गलत तरीके अपनाने के लिए मेटा के खिलाफ यूरोपीय संघ भी जांच कर रहा है।
पार्किंसन रोगी स्मिथ को गिटार बजाने में मददगार बना एआई
नई तकनीक एआई जहां कई मामलों में खतरनाक समझी जा रही है वहीं यह कई लोगों को जीवनदान भी दे रही है। लंदन में रहने वाल गायक-गीतकाल सैमुअल स्मिथ ने साल तक गिटार बजाते हुए गाने लिखे। लेकिन 49 वर्षीय स्मिथ को पार्किंसन रोग हुआ और वह गिटार बजाने में असमर्थ होते चले गए। अब उन्होंने एआई उपकरणों की मदद से अमेरिकी संगीत बनाना शुरू कर दिया है। 2020 से रोग पीड़ित स्मिथ अब रचनात्मक कम में जुट गए हैं।
श्रीलंका में ईंधन की कीमतों में फिर भारी बढ़ोतरी, पश्चिम एशिया संकट का असर
श्रीलंका में पेट्रोल, डीजल और केरोसिन की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी की गई है। सरकारी तेल कंपनी सीलोन पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन (CPC) ने शनिवार आधी रात से नई कीमतें लागू कर दी हैं। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति में आई बाधाओं को इस बढ़ोतरी की मुख्य वजह बताया गया है। राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने ईंधन के बढ़ते दबाव को देखते हुए जनता से खपत कम करने की अपील की है। नई दरों के अनुसार, पेट्रोल की कीमत में 5.85 प्रतिशत और डीजल में 3.83 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। डीजल अब 15 रुपये महंगा होकर 407 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। पेट्रोल की कीमत 410 रुपये से बढ़कर 434 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं, केरोसिन के दाम में भी 20 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जिससे यह अब 265 रुपये के बजाय 285 रुपये प्रति लीटर मिलेगा।
एक मार्च से 31 मई के बीच ईंधन की कीमतों में यह पांचवीं बढ़ोतरी है। फरवरी के अंत में पेट्रोल 293 रुपये प्रति लीटर था, जो अब 434 रुपये तक पहुंच गया है। इसके साथ ही श्रीलंकाई रुपया भी डॉलर के मुकाबले कमजोर हो रहा है। सेंट्रल बैंक के अनुसार, इस साल अब तक रुपये की कीमत में 5 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट आ चुकी है। ये नई कीमतें पूरे देश के सभी सीपीसी फिलिंग स्टेशनों पर लागू होंगी।
चीन में अवैध खनन के दौरान खदान धंसी, 5 मजदूरों की मौत
चीन के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में एक अवैध खनन स्थल पर रविवार को हुए हादसे में खदान धंसने से पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने यह जानकारी दी। रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना रविवार सुबह करीब 4:30 बजे हुइजे काउंटी इलाके में हुई। हादसा बाइवु गांव स्थित खनन स्थल पर हुआ, जहां छह लोग मलबे में फंस गए थे। बचाव दल ने सभी को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनमें से पांच लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। रिपोर्ट के मुताबिक, एकमात्र जीवित बचे व्यक्ति की हालत स्थिर बताई जा रही है। गौरतलब है कि एक सप्ताह से कुछ अधिक समय पहले ही चीन में हाल के वर्षों की सबसे घातक कोयला खदान दुर्घटना हुई थी। उत्तरी चीन के शांक्सी प्रांत में हुए इस विस्फोट में कम से कम 82 लोगों की मौत हो गई थी।