फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World News: बीजिंग में भारत-चीन बैठक संबंधों को सुधारने पर जोर; यूक्रेन को ड्रोन-रोधी एआई तकनीक देगा ब्रिटेन

Mon, 27 Jul 2026 10:54 PM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
विज्ञापन

भारत और चीन के बीच संबंधों को फिर से सामान्य बनाने और आपसी विश्वास बढ़ाने के प्रयासों के तहत विदेश सचिव विक्रम मिसरी अपनी आधिकारिक यात्रा पर चीन पहुंचे हैं। यात्रा के पहले दिन सोमवार को उन्होंने बीजिंग में चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के अंतरराष्ट्रीय विभाग की उप-मंत्री सुन हायान से मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूती देने पर विस्तार से चर्चा हुई। बीजिंग स्थित भारतीय दूतावास ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि दोनों अधिकारियों के बीच आपसी प्राथमिकता वाले मुद्दों को सुलझाने पर सहमति बनी। इसके अलावा, दोनों देशों के बीच राजनीतिक वार्ता, थिंक-टैंक जुड़ाव, अकादमिक आदान-प्रदान और आम लोगों के बीच आपसी संपर्क को और मजबूत करने के उपायों पर विस्तृत चर्चा हुई। चीन में भारत के राजदूत रह चुके मिसरी ने चीन की राष्ट्रीय राजनीतिक सलाहकार संस्था के उप-महासचिव होंग लियांग से भी मुलाकात की। इस बैठक में भी दोनों के बीच राजनीतिक और जन-स्तरीय संबंधों को और मजबूत करने पर चर्चा हुई।

विज्ञापन


फ्रांस में जंगल की आग का कहर जारी
फ्रांस के दक्षिण-पश्चिमी गिरोंद क्षेत्र में लगी भीषण जंगल की आग ने अब तक ढाई लाख से अधिक लोगों को घर छोड़ने पर मजबूर कर दिया है। हालात की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने सोमवार को आपात बैठक बुलाई। प्रशासन के अनुसार, सबसे बड़ी आग का फैलाव फिलहाल कुछ धीमा पड़ा है, लेकिन मंगलवार से तापमान बढ़ने की आशंका के कारण खतरा बना हुआ है। आग ने पेरिस से चार गुना बड़े इलाके को अपनी चपेट में ले लिया है। वहीं, स्पेन में भी जंगल की आग के कारण 76 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है, जबकि 30 हजार लोगों को घरों में ही रहने के निर्देश दिए गए हैं।

यूक्रेन को ड्रोन-रोधी एआई तकनीक देगा ब्रिटेन
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने सोमवार को इंग्लैंड के एक नौसैनिक अड्डे पर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री एंडी बर्नहैम से मुलाकात की। प्रधानमंत्री बनने के बाद किसी विदेशी नेता का यह उनका पहला दौरा रहा। बर्नहैम ने कहा कि ब्रिटेन यूक्रेन के साथ मजबूती से खड़ा है और न्यायसंगत शांति स्थापित होने तक उसका समर्थन जारी रहेगा। इस दौरान ब्रिटेन ने यूक्रेन को अत्याधुनिक 'स्टोन क्लॉक' इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर तकनीक के बौद्धिक संपदा अधिकार सौंपने की घोषणा की। यह तकनीक दुश्मन के ड्रोन को भटकाने और नाकाम करने में सक्षम है। दोनों नेताओं ने ब्रिटेन में तीन सप्ताह का सैन्य और समुद्री बारूदी सुरंग रोधी प्रशिक्षण पूरा करने वाले 200 से अधिक यूक्रेनी सैनिकों से भी मुलाकात की।
विज्ञापन


पाकिस्तान में शादी का प्रस्ताव ठुकराने पर किशोरी की गोली मारकर हत्या
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में शादी का प्रस्ताव ठुकराने पर 17 वर्षीय किशोरी की उसके चचेरे भाई ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, यह घटना शनिवार को ननकाना साहिब जिले में हुई। आरोपी जावेद इकबाल अपनी चचेरी बहन से शादी करना चाहता था, लेकिन उसने प्रस्ताव ठुकरा दिया। बाजार जाते समय आरोपी ने उसे रोककर दोबारा शादी के लिए दबाव बनाया। मना करने पर उसने नजदीक से गोली मार दी, जिससे किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, एक अन्य घटना में रहीम यार खान जिले में 23 वर्षीय युवक का कथित प्रेम संबंध होने पर अपहरण कर उसकी नाक काट दी गई। इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

ट्रंप से माफी के बाद होंडुरास में घर लौटे पूर्व राष्ट्रपति
मध्य अमेरिकी देश होंडुरास के पूर्व राष्ट्रपति जुआन ऑरलैंडो हर्नांडेज रविवार को अपने देश लौट आए। उन्हें ड्रग्स और हथियारों की तस्करी के लिए अमेरिका में 45 साल जेल की सजा सुनाई गई थी, लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उन्हें माफ कर दिया था। हर्नांडेज ने 2014 से 2022 तक लगातार दो बार राष्ट्रपति के तौर पर काम किया था।

सीजेपी के समर्थन में लंदन के ट्रैफलगर स्क्वायर पर जुटे सैकड़ों भारतीय छात्र
लंदन के ट्रैफलगर स्क्वायर पर रविवार को सैकड़ों छात्र जमा हुए। वे भारत में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के नेतृत्व में हुए छात्र आंदोलन के साथ एकजुटता दिखाने के लिए इकट्ठा हुए थे। नई दिल्ली में 36 दिनों तक चला आंदोलन शनिवार को शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के साथ खत्म हुआ। स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) ब्रिटेन ने इस विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया था जो बाद में भारत में छात्र आंदोलन की जीत का जश्न बन गया। एसएफआई ने शिक्षा मंत्री के तौर पर प्रधान के इस्तीफे का स्वागत किया और शिक्षा में सुधारों के समर्थन में अपनी बात दोहराई।

बोस्निया के 5 पर्वतारोहियों की भीषण तूफान से मौत की आशंका
यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रस पर आए भीषण तूफान में बोस्निया के पांच पर्वतारोहियों की मौत की आशंका है। बोस्नियाई पर्वतारोही बचाव सेवा ने रविवार को यह जानकारी दी। रूसी आपातकालीन मंत्रालय ने बताया कि समूह के दो अन्य सदस्यों को सुरक्षित बचाकर अस्पताल पहुंचाया गया है। अधिकारियों को 5,350 मीटर की ऊंचाई पर दो शव मिले हैं, जिन्हें मौसम ठीक होने पर नीचे लाया जाएगा। तीन अन्य शवों की तलाश जारी है। 5,642 मीटर ऊंचा माउंट एल्ब्रस अचानक बदलते खराब मौसम के लिए जाना जाता है। मीडिया के मुताबिक, सात सदस्यीय इस दल में एक दंपती और एक डॉक्टर भी शामिल थे।

अंतरिक्ष कचरे की निगरानी के लिए चीन ने शुरू किया वाणिज्यिक उपग्रह नेटवर्क का प्रक्षेपण
चीन ने अंतरिक्ष कचरे की निगरानी और चौबीसों घंटे सभी कक्षाओं में लक्ष्यों का पता लगाने के लिए अपने पहले वाणिज्यिक उपग्रह नेटवर्क गैंडे कॉन्स्टलेशन का प्रक्षेपण शुरू कर दिया है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित कंप्यूटर से लैस इस 120 उपग्रहों वाले नेटवर्क का पहला उपग्रह शुक्रवार को उत्तर-पश्चिमी चीन से लिजियान-1 वाणिज्यिक रॉकेट के जरिये छोड़ा गया। यह मिशन तीन चरणों में पूरा किया जाएगा। इसके 2030 तक पूरा होने की उम्मीद है। इससे चीन की अंतरिक्ष यातायात प्रबंधन क्षमता मजबूत होगी, टकराव से बचाव संभव होगा और उसके वाणिज्यिक व सैन्य अभियानों को सुरक्षा मिलेगी।

इमरान खान की रैली पर रोक, अदालत जाएगा पीटीआई
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) को 5 अगस्त को लाहौर में रैली आयोजित करने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। यह दिन इमरान खान के जेल में तीन वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रस्तावित कार्यक्रम का था। पीटीआई के महासचिव सलमान अकरम राजा ने कहा कि लाहौर के डिप्टी कमिश्नर ने शांतिपूर्ण सभा की अनुमति संबंधी आवेदन पर कोई जवाब नहीं दिया, जिसे अनुमति से इनकार माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी अब रैली की अनुमति के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाएगी। प्रेस वार्ता में पीटीआई नेताओं ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में हालिया हिंसा पर भी चिंता जताई। उनका दावा है कि विवादित शरणार्थी सीटों को लेकर हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान 100 से अधिक लोगों की मौत हुई। उल्लेखनीय है कि पीओके विधानसभा की 45 सीटों के लिए चुनाव 28 जुलाई से 10 अगस्त तक तीन चरणों में होंगे।

ब्राजील ने अर्जेंटीना से अपने राजदूत को वापस बुलाया
ब्राजील ने अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर मिली द्वारा ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा और शीर्ष न्यायिक अधिकारियों पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों के बाद अर्जेंटीना से अपने राजदूत जूलियो बिटेली को परामर्श के लिए वापस बुला लिया है। मिली ने साओ पाउलो में एक कार्यक्रम के दौरान लूला को "चोर" और "अपराधी" कहा, जबकि सुप्रीम फेडरल कोर्ट के न्यायाधीश अलेक्जेंड्रे डी मोरेस को भी अपमानजनक शब्दों से संबोधित किया। इसके बाद ब्राजील के सुप्रीम कोर्ट के अध्यक्ष एडसन फाकिन ने इसे देश की सर्वोच्च न्यायपालिका का सार्वजनिक अपमान बताया। हालांकि लूला ने सीधे तौर पर प्रतिक्रिया नहीं दी, लेकिन उन्होंने एक लेख में कहा कि ब्राजील का भविष्य केवल ब्राजील के लोग तय करेंगे, किसी बाहरी हस्तक्षेप से नहीं। यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब लूला दोबारा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं और उनका मुकाबला फ्लावियो बोल्सोनारो से माना जा रहा है।

क्यूबा की क्रांति समारोह में नहीं दिखे राउल कास्त्रो
क्यूबा ने रविवार को 26 जुलाई 1953 की ऐतिहासिक सैन्य कार्रवाई की वर्षगांठ पर पारंपरिक समारोह आयोजित किया, लेकिन 95 वर्षीय पूर्व राष्ट्रपति राउल कास्त्रो की अनुपस्थिति चर्चा का विषय बन गई। पिछले तीन दशक में यह पहला अवसर है जब वह इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए और उनकी गैरमौजूदगी पर सरकार की ओर से कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया गया। राष्ट्रपति मिगेल डियाज-कैनल ने समारोह के दौरान राउल कास्त्रो का बधाई संदेश पढ़कर सुनाया। यह आयोजन फिदेल और राउल कास्त्रो द्वारा तत्कालीन तानाशाह फुल्गेंसियो बतिस्ता के खिलाफ मोनकाडा और कार्लोस मैनुअल डे सेस्पेडेस बैरकों पर 26 जुलाई 1953 को किए गए हमले की याद में किया जाता है। हालांकि यह हमला असफल रहा था, लेकिन इसी से क्यूबा की क्रांति की शुरुआत हुई, जो 1 जनवरी 1959 को सत्ता परिवर्तन के साथ सफल हुई। राउल कास्त्रो अब किसी आधिकारिक पद पर नहीं हैं, लेकिन देश की राजनीति में उनका प्रतीकात्मक प्रभाव अब भी कायम माना जाता है।

विज्ञापन

गैंगवार के खतरे से श्रीलंका के ऐतिहासिक हिंदू उत्सव की प्रमुख रस्म रद्द
श्रीलंका के ऐतिहासिक देविनुवारा एसाला उत्सव में इस बार सुरक्षा कारणों से पारंपरिक 'कावड़ी' नृत्य रद्द कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार, दो कुख्यात अंडरवर्ल्ड गिरोहों के बीच चल रही दुश्मनी के कारण इस धार्मिक आयोजन पर हमले का खतरा था। यह उत्सव 13वीं शताब्दी से भगवान विष्णु के सम्मान में आयोजित किया जाता है और देश के सबसे पुराने धार्मिक आयोजनों में शामिल है। पुलिस को खुफिया जानकारी मिली थी कि आयोजन के दौरान हथियारों या ड्रोन से हमला हो सकता है। इसके बाद प्रशासन ने 29 जुलाई को होने वाला कावड़ी अनुष्ठान रद्द करने का फैसला लिया। बताया गया है कि दोनों गैंग इस रस्म के आयोजन को लेकर विवाद में थे। इससे पहले मार्च 2025 में मंदिर के पास दो लोगों की गोली मारकर हत्या भी की गई थी। पुलिस ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी कर दी है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें