फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Update: अमेरिका में भारतीय दूतावास के अधिकारी की मौत; कुमार तुहिन बनें नीदरलैंड में भारत के नए राजदूत

Fri, 20 Sep 2024 08:11 PM IST
निर्मल कांत वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

भारतीय दूतावास के एक अधिकारी की वॉशिंगटन डीसी स्थित मिशन परिसर में रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। स्थानीय पुलिस और सीक्रेट सर्विस घटना की जांच कर रही है। भारतीय दूतावास ने कहा कि भारतीय दूतावास के एक सदस्य का 18 सितंबर 2024 की शाम को निधन हो गया। हम अधिकारी के पार्थिव शरीर के भारत हस्तांतरण के लिए सभी संबंधित एजेंसियों और परिवार के सदस्यों के संपर्क में हैं। परिवार की गोपनीयता की चिंता के कारण मृतक के संबंध में अतिरिक्त विवरण जारी नहीं किया जा रहा है। दुख की इस घड़ी में हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं परिवार के साथ हैं।

विज्ञापन


जल्द कार्यभार संभालेंगे तुहिन
इंडियन काउंसिल फॉर कल्चरल रिलेशंस के महानिदेशक कुमार तुहिन को नीदरलैंड में भारत के नए राजदूत के रूप में नियुक्त किया गया है। कुमार तुहिन 1991 बैच के आईएफएस अधिकारी हैं। वह जल्द ही कार्यभार संभालेंगे।

हैरिस को जुलाई की अपेक्षा अब वोटरों का अधिक समर्थन : सर्वे
अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के जुलाई में राष्ट्रपति पद की दौड़ में शामिल होने के मुकाबले उन्हें अब मतदाताओं का ज्यादा समर्थन मिल रहा है। एपी-एनओआरसी सेंटर फॉर पब्लिक अफेयर्स रिसर्च के एक नए सर्वेक्षण के अनुसार, लगभग आधे मतदाता हैरिस के बारे में बहुत सकारात्मक दृष्टिकोण रखते हैं, जबकि 44% मतदाता ऐसे हैं जो उनके बारे में नकारात्मक दृष्टिकोण रखते हैं।

वहीं, लगभग 10 में से छह मतदाता ट्रंप के खिलाफ विचार रखते हैं, जबकि उनके समर्थन में 10 में से सिर्फ चार मतदाता ही हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन की ओर से जुलाई में राष्ट्रपति पद के चुनाव की दौड़ से अपना नाम वापस लेने और कमला हैरिस को समर्थन देने के बाद से अब लोग उपराष्ट्रपति का समर्थन करते हुए नजर आ रहे हैं।

वैश्विक स्तर पर 39 अफगान दूतावासों पर तालिबान का नियंत्रण
अफगानिस्तान पर कब्जा करने और पिछली पश्चिमी देशों से समर्थित सरकार के पतन के तीन वर्ष बाद तालिबान प्रशासन का नियंत्रण वैश्विक स्तर पर 39 अफगानिस्तानी दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों पर हो गया है। किसी भी अंतरराष्ट्रीय सरकार ने औपचारिक रूप से तालिबान प्रशासन को मान्यता नहीं दी है। हालांकि, चीन और यूएई ने अपनी राजधानियों में उसके राजदूतों को स्वीकार कर लिया है। कई सरकारों, विशेष रूप से अमेरिका सहित पश्चिमी देशों ने कहा है कि तालिबान की किसी भी औपचारिक मान्यता का रास्ता तब तक अटका रहेगा जब तक कि वे महिलाओं के अधिकारों पर अपना रुख नहीं बदलते। उन्हें लड़कियों व महिलाओं के लिए हाईस्कूल और विश्वविद्यालय फिर से खोलने और उन्हें पूरी आजादी देने की कार्रवाई तक यह मान्यता नहीं मिलेगी। 

माली: जिहादी हमले में संयुक्त राष्ट्र का चार्टर्ड विमान क्षतिग्रस्त
माली की राजधानी में जिहादी हमले के दौरान विश्व खाद्य कार्यक्रम की ओर से मानवीय कार्य के लिए इस्तेमाल किया गया एक चार्टर्ड विमान क्षतिग्रस्त हो गया। विमान की मालिक दक्षिण अफ्रीकी कंपनी नेशनल एयरवेज कॉर्प के मुताबिक, विमान आतंकी हमले की चपेट में उस वक्त आ गया जब वह माली के बमाको में था। इसमें सभी चालक दल और कर्मचारी सुरक्षित हैं। विश्व खाद्य कार्यक्रम के प्रवक्ता, जाउन्सेडे मदजियांगर ने कहा, विमान का उपयोग सहायता कर्मियों को परिवहन करने और माली के दूरदराज के क्षेत्रों में आपात मानवीय मदद के लिए किया गया था। 

वैश्विक दक्षिण को भविष्य के लिए भारत पर भरोसा: इंगा रोंडा किंग
संयुक्त राष्ट्र में कैरेबियाई देश की राजदूत इंगा रोंडा किंग ने कहा कि बहुपक्षीय भागीदारी के प्रति भारत का दृष्टिकोण परस्पर सम्मान और एकजुटता पर आधारित है। उन्होंने कहा, भारत बेहतर भविष्य को आकार देने में योगदान देने के लिए वैश्विक दक्षिण पर भरोसा करता है। इंगा रोंडा किंग ने कहा, आज ग्लोबल साउथ में महत्वपूर्ण नेताओं में से एक आपका बेहतरीन देश भारत है।

संयुक्त राष्ट्र में सेंट विंसेंट और ग्रेनेडाइंस की स्थायी प्रतिनिधि इंगा रोंडा किंग सेंटर फॉर ग्लोबल इंडिया इनसाइट्स व इंडिया राइट्स नेटवर्क की ओर से बोल रही थीं। किंग ने कहा कि बहुपक्षीय जुड़ाव के प्रति भारत का दृष्टिकोण आपसी सम्मान, एकजुटता पर आधारित है। उन्होंने कहा, आज, वैश्विक दक्षिण भविष्य को आकार देने में योगदान के लिए भारत के दृष्टिकोण पर भरोसा करता है। 

पाकिस्तान में आतंकी हमला, छह सुरक्षाकर्मियों की मौत

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में गुरुवार और शुक्रवार की मध्य रात्रि को हुए आतंकी हमले में छह सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई है और 11 अन्य घायल हुए हैं। आतंकियों ने अफगानिस्तान सीमा पर मौजूद सुरक्षाबलों की चेक पोस्ट पर हमला किया था। आतंकी संगठन तहरीक ए तालिबान ने हमले की जिम्मेदारी ली है। हमलावरों की तलाश की जा रही है। खैबर पख्तूनख्वा के वजीरिस्तान इलाके में टीटीपी के आतंकी काफी सक्रिय हैं और यहां अक्सर सुरक्षाबलों पर हमले होते रहते हैं। 

पाकिस्तान की सरकार का आरोप है कि टीटीपी अफगानिस्तान से संचालित हो रहा है। हालांकि अफगान सरकार इससे इनकार करती आ रही है। अफगानिस्तान में तालिबान के सत्ता में आने के बाद से पाकिस्तान में आतंकी हमले बढ़े हैं। पाकिस्तान में बीते दिनों में हुए कई बड़े आतंकी हमलों में टीटीपी का नाम सामने आया है। इस संगठन की शुरुआत साल 2007 में हुई थी। कई आतंकी संगठनों ने मिलकर टीटीपी का गठन किया था। टीटीपी का मकसद पाकिस्तान में शरिया कानून लागू करना है। 
 
विज्ञापन

जेलेंस्की से मुलाकात करेंगे अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन 26 सितंबर को अपने यूक्रेनी समकक्ष वोलोदिमिर जेलेंस्की से व्हाइट हाउस में मुलाकात करेंगे। उप राष्ट्रपति कमला हैरिस भी व्हाइट हाउस में उनके साथ अलग से बैठक करेंगी। दोनों पक्षों के नेता इस दौरान रूस और यूक्रेन युद्ध की स्थिति पर चर्चा करेंगे। इस दौरान यूक्रेन की रणनीतिक योजना और रूसी आक्रामकता के खिलाफ कीव की रक्षा में अमेरिका के समर्थन पर भी बातचीत होगी। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरीन जीन-पियरे ने एक बयान में जानकारी दी। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें