कनाडा : उपचुनाव में हार के बाद प्रधानमंत्री ट्रूडो के नेतृत्व पर संकट
कनाडाई पीएम जस्टिन ट्रूडो एक और उपचुनाव हार गए हैं। इससे लिबरल पार्टी में उन पर सवाल उठने से सरकार पर संकट बढ़ गया है। उन्होंने अब आगे ध्यान केंद्रित किया है, ताकि अगले संघीय चुनाव में पार्टी का नेतृत्व करने की उनकी क्षमता बनी रहे। उनके सहयोगी दल के समर्थन वापस लेने की घोषणा के बाद से उनकी सरकार संकट में है।
ट्रूडो ने मॉन्ट्रियल के लासेल-एमार्ड-वरदुन के चुनावी जिले में न्यू डेमोक्रेटिक पार्टी के साथ तीन-तरफा कड़ी दौड़ का सामना किया। पीएम ट्रूडो ने कहा, जाहिर तौर पर जीतने में सक्षम होना अच्छा होता, लेकिन अभी और काम करना बाकी है। मॉन्ट्रियल सीट को लिबरल पार्टी के लिए काफी सुरक्षित रही है, लेकिन मंगलवार के नतीजों ने पार्टी में ट्रूडो के विरोध का रास्ता खोल दिया है।
कनाडा में 2025 के अंत में होने वाले आम चुनाव को जस्टिन ट्रूडो अपने नेतृत्व में ही लड़ना चाहते हैं। जबकि उनकी पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने शीर्ष नेतृत्व में बदलाव की मांग की है, क्योंकि कनाडा के लोग बढ़ती जीवन लागत और आवास संकट से जूझ रहे हैं। इससे त्रूदो की साख देश में काफी गिरी है।
यूक्रेनी विदेश मंत्री से जयशंकर ने की बातचीत
भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने ट्वीट कर बताया कि उन्होंने आज नए यूक्रेनी विदेश मंत्री आंद्रेई सिबिहा से बात की। इस दौरान उन्होंने उनकी नियुक्ति पर उन्हें बधाई दी और कहा कि वो उनके साथ काम करने के लिए उत्सुक हैं।
पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में गुरुवार को सशस्त्र आतंकवादियों के साथ लक्षित हमलों और गोलीबारी में कम से कम चार सुरक्षाकर्मी मारे गए हैं। मामले में पुलिस ने बताया कि पहली घटना में, प्रांत के दक्षिणी जिले करक में मोटरसाइकिल सवार अज्ञात हमलावरों ने अर्धसैनिक बल लेवी फोर्स के एक अधिकारी की गोली मारकर हत्या कर दी। अज्ञात बंदूकधारियों ने लेवी फोर्स के अधिकारी की उस समय गोली मारकर हत्या कर दी, जब वह ड्यूटी के लिए घर से निकला था।
जबकि एक अन्य घटना में, उत्तरी वजीरिस्तान के बोया गांव में आतंकवादियों के साथ गोलीबारी में तीन सुरक्षाकर्मियों की जान चली गई। अफगानिस्तान की सीमा से लगे केपीके प्रांत में हाल के महीनों में पुलिस, सुरक्षाकर्मियों और पोलियो रोधी टीकाकरण टीमों पर कई हमले हुए हैं, साथ ही नागरिक और सैन्य अधिकारियों का अपहरण भी हुआ है।